मोतिहारी: अफीम तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, पूर्व पंचायत समिति सदस्य समेत आठ गिरफ्तार
पुलिस एवं एसटीएफ की टीम
Motihari News: मोतिहारी में एसटीएफ और पुलिस ने 10.54 किलो अफीम के साथ अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया. कार्रवाई में पूर्व पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य समेत कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हुई. जानिए खबर विस्तार से…
मोतीहारी के अरेराज से हिमांशु की रिपोर्ट
Motihari News: मोतिहारी पुलिस और एसटीएफ ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.54 किलोग्राम अफीम के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर गोविंदगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पूर्व पंचायत समिति सदस्य जितेंद्र चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया. इसके बाद एक अन्य ठिकाने से वार्ड सदस्य समेत चार महिलाओं को अफीम, चरस और गांजा के साथ पकड़ा गया. पूरे मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
NH-27 पर कार से बरामद हुई 10.54 किलो अफीम
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि डुमरियाघाट थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एनएच-27 स्थित नरसिंह बाबा मंदिर के पास एक सफेद रंग की आर्टिगा कार से 10.54 किलोग्राम अफीम बरामद की. इस दौरान झारखंड के चतरा और गया जिले के रहने वाले साजन कुमार यादव, मुन्ना कुमार यादव और अनुज कुमार साव को गिरफ्तार किया गया.
तस्करों की निशानदेही पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तस्करों ने गोविंदगंज थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य जितेंद्र चौधरी से मादक पदार्थ खरीदने की बात स्वीकार की. इसके बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरैया गांव में छापेमारी कर जितेंद्र चौधरी को गिरफ्तार कर लिया.
वार्ड सदस्य समेत चार महिलाएं भी पकड़ी गईं
पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर सरैया पांडेय टोला में भी छापेमारी की गई. यहां वार्ड संख्या-4 की महिला वार्ड सदस्य समेत चार महिलाओं को अफीम, चरस और गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बरामद मादक पदार्थों को जब्त कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध डुमरियाघाट थाना कांड संख्या 188/26 में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










