दूसरे राज्यों में बैठे तस्करों में मचा हड़कंप, जहरीली स्प्रिट के सौदागरों के घर पर चला कानून का हथौड़ा
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 03 Jun 2026 1:37 PM
सांकेतिक तस्वीर
Motihari News: मोतिहारी पुलिस का उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बड़ा एक्शन. तुरकौलिया जहरीली स्प्रिट कांड के फरार आरोपी चंदन कुमार और सूरज कुमार के घर पर चली कुर्की, एसपी स्वर्ण प्रभात का बयान. जानिए खबर विस्तार से…
Motihari News: पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिला पुलिस ने अंतर-राज्यीय जहरीली शराब और स्प्रिट माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक दंडात्मक कार्रवाई की है. बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने और सीमा पार से संचालित होने वाले सिंडिकेट को नेस्तनाबूद करने के उद्देश्य से मोतिहारी पुलिस की एक विशेष टीम ने सीधे उत्तर प्रदेश (UP) के जौनपुर जिले में दस्तक दी.पुलिस ने पिछले महीने तुरकौलिया थाना क्षेत्र में हुए भीषण जहरीली स्प्रिट कांड के मुख्य फरार आरोपियों के खिलाफ विभागीय कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उनके पैतृक घर पर यूपी पुलिस के सहयोग से कुर्की-जब्ती (बुल्डोजर और हथौड़ा चलाने) की कड़क कार्रवाई की है.
यूपी के जौनपुर में था मास्टरमाइंड का ठिकाना
घटनाक्रम और प्रशासनिक कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिछले महीने मोतिहारी जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जहरीली स्प्रिट/शराब पीने से करीब डेढ़ दर्जन (18) बेकसूर ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई थी. इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आधे दर्जन से अधिक स्थानीय लाइनरों और धंधेबाजों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज दिया था.
स्थानीय यूपी पुलिस के सहयोग से ढहाया गया आरोपियों का आशियाना
न्यायालय के आदेश पर मोतिहारी पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम (SIT) जौनपुर के जलालपुर थाना पहुंची. वहां स्थानीय यूपी पुलिस का मजबूत सहयोग लेते हुए भारी पुलिस बल के साथ टीम ने साकिन नाहोरा गांव में तस्करों के आलीशान मकान की घेराबंदी की.
पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर से मुनादी कराने के बाद फरार अपराधियों के घर पर प्रशासनिक हथौड़ा चलाना शुरू किया. देखते ही देखते घर के दरवाजे, खिड़कियां, चौखट और अवैध रूप से निर्मित कंक्रीट के ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त (कुर्क) कर दिया गया. बिहार पुलिस की इस कड़क और ऑन-स्पॉट कार्रवाई को देखने के लिए स्थानीय स्तर पर हजारों ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही.
अवैध धंधा करने वाले अपराधी बक्से नहीं जाएंगे-एसपी
इस हाई-प्रोफाइल अंतर-राज्यीय कार्रवाई की पुष्टि करते हुए पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात ने कड़े शब्दों में चेतावनी जारी की है. एसपी ने साफ लहजे में कहा कि चंपारण की धरती पर चाहे जहरीली शराब का धंधा हो, स्प्रिट की तस्करी हो या कोई अन्य संगीन अपराध, कानून को हाथ में लेने वाले अपराधी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे.
अगर अपराधी अपराध करके दूसरे राज्यों में भी शरण लेंगे, तो मोतिहारी पुलिस वहां भी कानून का हथौड़ा चलाकर उनकी संपत्ति को जमींदोज करेगी. पुलिस कप्तान ने बताया कि फरार चंदन और सूरज की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ (STF) को भी लूप में लिया गया है और बहुत जल्द दोनों सलाखों के पीछे होंगे.
मोतिहारी से सच्चिदानंद सत्यार्थी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










