मोतिहारी: भगवान के विग्रहों की चोरी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, जांच के लिए बनाई गई विशेष टीम

Published by : Purushottam Kumar Updated At : 04 Jun 2026 12:30 PM

विज्ञापन

मंदिर की सांकेतिक तस्वीर

Motihari News: : पूर्वी चंपारण के मधुबन थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव स्थित शिव-पार्वती मंदिर से शालिग्राम और ठाकुर जी की चांदी की बांसुरी चोरी. पुजारी रवींद्र दुबे के आवेदन पर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने शुरू की जांच. जानिए खबर विस्तार से…

विज्ञापन

Motihari News:  मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गांव स्थित ऐतिहासिक शिव-पार्वती मंदिर में बीती रात बेखौफ चोरों ने एक बड़ी धार्मिक चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. शातिर चोरों ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर वहां स्थापित अत्यंत पूजनीय शालिग्राम और भगवान ठाकुर जी (श्री कृष्ण) की कीमती चांदी की बांसुरी चोरी कर ली. इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश है.

पूजा करने पहुंचे पुजारी तो बिखरा मिला सामान

घटना के संदर्भ में मंदिर के मुख्य पुजारी और दुलमा गांव निवासी रवींद्र दुबे ने बताया कि वे प्रतिदिन की तरह जब गुरुवार की सुबह मंदिर का कपाट खोलकर पूजा-अर्चना करने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर स्तब्ध रह गए. वेदी पर रखी भगवान की मुख्य सामग्रियां गायब थीं. चोरों ने भगवान ठाकुर जी की चांदी की बांसुरी और वहां प्रतिष्ठित पवित्र शालिग्राम पत्थर को गायब कर दिया था.

पहली बार हुई ऐसी घटना

इस पवित्र धार्मिक स्थल पर हुई चोरी की खबर सुनते ही देखते ही देखते मंदिर परिसर में सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय ग्रामीण राजीव सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि गांव के इतिहास में इस तरह की पवित्र मंदिर में चोरी की घटना पहली बार हुई है; चोर अब भगवान के विग्रहों और उनके आभूषणों को भी निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं.

पुजारी ने थाने में दिया आवेदन

वारदात को लेकर पीड़ित पुजारी रवींद्र दुबे ने मधुबन थाने में अज्ञात चोर गिरोह के खिलाफ एक लिखित आवेदन देकर आरोपियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई और चोरी गए धार्मिक सामानों की बरामदगी की गुहार लगाई है. लिखित शिकायत मिलते ही पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आ गया है.

जल्द पकड़े जाएंगे चोर

मामले की पुष्टि करते हुए मधुबन के थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि मंदिर में चोरी की प्रारंभिक सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा कर बारीकी से मुआयना किया है. पुलिस स्थानीय इनपुट और संदिग्धों के रिकॉर्ड खंगालने सहित सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. थानाध्यक्ष ने दावा किया कि बहुत जल्द चोरों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और मंदिर की चोरी गई पवित्र सामग्रियां सकुशल बरामद कर ली जाएंगी.

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन