Motihari News: सरकारी योजनाओं का लाभ लेने पहुंचे लोग, लेकिन काउंटर पर नहीं मिले कर्मी, बढ़ी नाराजगी
AI जेनरेटेड इमेज
Motihari News: मोतिहारी सदर प्रखंड के पंचायत सहयोग शिविर में कई काउंटरों से कर्मी नदारद मिले. दोपहर बाद लोगों को आवेदन और शिकायतों के निपटारे में परेशानी हुई. प्रभारी बीडीओ ने लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है. पढे़ं पूरी खबर…
मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट
Motihari News: मोतिहारी सदर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग सह जन कल्याण शिविर में मंगलवार को अव्यवस्था की तस्वीर सामने आई. सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए शिविर में दोपहर बाद कई विभागों के काउंटरों से कर्मी गायब मिले, जिससे शिकायत और आवेदन लेकर पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
मंगलवार को सदर प्रखंड की राम सिंह छतौनी, बासमनपुर और रामगढ़वा पंचायत में शिविर का आयोजन किया गया था. सुबह से लोगों की भीड़ विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन और समस्याओं के समाधान के लिए पहुंच रही थी, लेकिन दोपहर तीन बजे के बाद कई काउंटर खाली नजर आए.
दोपहर बाद खाली दिखे कई काउंटर
शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे. लोगों की सुविधा के लिए काउंटरों के सामने विभागों के नाम भी बड़े अक्षरों में लिखे गए थे, ताकि लाभुक आसानी से संबंधित विभाग तक पहुंच सकें.
हालांकि, दोपहर बाद कई काउंटरों पर तैनात कर्मी मौजूद नहीं मिले. ऐसे में योजनाओं से जुड़ी जानकारी लेने और आवेदन जमा करने पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा. कई लोगों ने बताया कि वे अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर आए थे, लेकिन संबंधित कर्मी के नहीं मिलने से उनका काम अधूरा रह गया.
लोगों के बीच जा रहा गलत संदेश
सरकार की मंशा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की है, लेकिन शिविर में दिखी लापरवाही से लोगों के बीच अच्छा संदेश नहीं जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शिविर में तैनात कर्मी निर्धारित समय तक मौजूद नहीं रहेंगे तो ऐसे आयोजन का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाएगा.
तीन दिनों तक चलेगा शिविर
सदर प्रखंड में मंगलवार, बुधवार और गुरुवार तक तीन दिवसीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है. प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए हैं, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं और जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है.
यह भी पढे़ं: Motihari News: कभी चंपा के जंगलों से घिरा था चंपारण, अब हरियाली बचाने के लिए लगाने होंगे 1.60 करोड़ पौधे
लापरवाही पर होगी कार्रवाई: प्रभारी बीडीओ
इस मामले पर सदर प्रखंड के प्रभारी बीडीओ किशन चंद्रयान ने कहा कि सभी कर्मियों को कार्यालय अवधि तक अपने-अपने काउंटर पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है. यदि कोई कर्मी लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि जिन लोगों का कार्य पंचायत शिविर में पूरा नहीं हो सका है, वे प्रखंड स्तर पर आयोजित शिविर में आवेदन देकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं.
यह भी पढे़ं: Motihari News: बंजरिया में उपलब्ध हुआ बायोसीड 799, किसानों को मिलेगी अधिक पैदावार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










