यूक्रेन में MBBS कर रहे आशीष गिरी ने मेडिकल रिसर्च में बनाया अंतरराष्ट्रीय पहचान
आशीष गिरी
मोतिहारी के आशीष गिरी यूक्रेन से एमबीबीएस की पढ़ाई के साथ-साथ मेडिकल रिसर्च में भी धूम मचा रहे हैं. 20 से अधिक शोध कर चुके आशीष ने फ्लोरेसेंस-गाइडेड सर्जरी जैसे आधुनिक विषयों पर गहरी जानकारी हासिल की है.
Motihari News: मोतिहारी के राजा बाजार निवासी मुन्ना गिरी के पुत्र आशीष गिरी ने चिकित्सा शिक्षा और मेडिकल रिसर्च के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. आशीष वर्तमान में यूक्रेन के प्रतिष्ठित बुकोविनियन स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस के पांचवें वर्ष के छात्र हैं. पढ़ाई के साथ-साथ वह चिकित्सा अनुसंधान में भी सक्रिय हैं और अब तक 20 से अधिक महत्वपूर्ण शोध कार्य कर चुके हैं.
यूक्रेन में MBBS के साथ मेडिकल रिसर्च पर फोकस
आशीष गिरी चिकित्सा के विभिन्न विषयों पर लगातार शोध कार्य कर रहे हैं. उनके शोध केवल यूक्रेन तक सीमित नहीं रहे हैं, बल्कि रोमानिया, पोलैंड, हंगरी और मालडोवा सहित कई यूरोपीय देशों के शैक्षणिक एवं चिकित्सा मंचों पर भी उनके कार्यों को सराहना मिली है.
उनका उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों और शोध के माध्यम से अपने ज्ञान को लगातार बेहतर बनाना है.
विश्व प्रसिद्ध सर्जन प्रो. डेविड जेन के व्याख्यान में हुए शामिल
हाल ही में आशीष गिरी को यूक्रेन के राष्ट्रपति के शिक्षा, विज्ञान एवं खेल सहायता फाउंडेशन और बुकोविनियन स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित एक विशेष अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला.
कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स, यूके के कोलोरेक्टल सर्जरी एवं सर्जिकल इनोवेशन के विशेषज्ञ प्रोफेसर डेविड जेन मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए.
फ्लोरेसेंस-गाइडेड सर्जरी की मिली जानकारी
प्रोफेसर डेविड जेन ने फ्लोरेसेंस-गाइडेड सर्जरी जैसे आधुनिक चिकित्सा विषय पर व्याख्यान दिया. इस दौरान उन्होंने बताया कि किस तरह यह तकनीक कैंसर सर्जरी को अधिक सटीक, सुरक्षित और प्रभावी बनाने में मदद करती है.
आशीष के लिए यह व्याख्यान आधुनिक सर्जिकल तकनीकों को करीब से समझने और चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर रहा.
निरंतर सीखना ही सफलता की कुंजी : आशीष
आशीष गिरी ने इस शैक्षणिक अनुभव को अपने लिए बेहद प्रेरणादायक बताया. उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय सर्जन और शोधकर्ता से प्रत्यक्ष रूप से सीखने का अवसर उनके लिए महत्वपूर्ण रहा.
उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में लगातार नई तकनीकों और शोध से जुड़ना ही किसी बेहतर चिकित्सक एवं शोधकर्ता बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
परिवार और मोतिहारी में खुशी का माहौल
आशीष की उपलब्धि से उनके परिवार और मोतिहारी के स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है. परिजनों का कहना है कि आशीष ने पढ़ाई के साथ मेडिकल रिसर्च के क्षेत्र में जिस तरह अपनी पहचान बनाई है, वह जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है.
यह भी पढ़ें: घोड़ासहन में भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर बैठक, अपराध और तस्करी रोकने पर जोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











