रक्सौल के कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल में नीट-जेईई सफल छात्रों का सम्मान, मेधावियों का बढ़ाया उत्साह
सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय प्रबंधन के सदस्य
रक्सौल के कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल में जेईई-मेंस, जेईई-एडवांस, गेट एवं नीट जैसी परीक्षाओं में सफल छात्रों को सम्मानित किया गया. विद्यालय के निदेशक ने मेधावियों को मोमेंटो देकर उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.
Raxaul News: रक्सौल के लक्ष्मीपुर स्थित कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल में मंगलवार को आयोजित सम्मान समारोह में जेईई-मेंस, जेईई-एडवांस, गेट एवं नीट जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य देवेश कुमार पाण्डेय ने की, जबकि विद्यालय के निदेशक विकास गिरी ने सफल विद्यार्थियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
सम्मान समारोह में नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली छात्रा रागिनी कुमारी मिश्रा के साथ छात्र पीयूष कुमार, जान्हवी कुमारी, मो. साहिल, राहुल कुमार, अनमोल कुमार, गर्व कुमार तथा निकहत प्रवीण को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे और बच्चों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की.
निदेशक ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
विद्यालय के निदेशक विकास गिरी ने कहा कि इस शैक्षणिक सत्र में विद्यालय के छह से अधिक विद्यार्थियों ने नीट एवं जेईई जैसी कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर विद्यालय और रक्सौल का नाम रोशन किया है. उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जिस मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल की है, उसी भावना के साथ आगे भी अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहें. उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में उत्कृष्ट चिकित्सक एवं अभियंता बनकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया.
मजबूत बुनियाद से मिलती है सफलता
प्राचार्य देवेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का आधार विषयों की मजबूत बुनियाद होती है. विद्यालय में प्रारंभिक स्तर से ही विद्यार्थियों को अवधारणाओं को सरल और प्रभावी ढंग से समझाने पर विशेष जोर दिया जाता है. उन्होंने कहा कि इसी व्यवस्थित शिक्षण का परिणाम है कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस वर्ष उल्लेखनीय सफलता हासिल की है.
अभिभावकों और शिक्षकों की रही मौजूदगी
समारोह में अभिभावक ओमप्रकाश मिश्रा, जन्मेजय श्रीवास्तव, नीतू कुमारी, छोटेलाल प्रसाद, धर्मेन्द्र कुमार वर्मा, रूबी वर्मा सहित उप प्राचार्य सर्वेश कुमार पाण्डेय, प्रभात रंजन मिश्रा, डॉ. शशि रंजन सिंह, धीरज कुमार गुप्ता, संदीप सागर, दिलीप कुमार कुशवाहा एवं विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे. सभी ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
यह भी पढ़ें: लौरिया में बाकीपुर उपचुनाव में जन सुराज की जीत पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न, बांटी मिठाइयां
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनोज कुमार गुप्ता
मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










