बंजरिया में तीन दिनों से बिजली संकट, बार-बार जल रहा केबल, ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की

Updated:
विज्ञापन
फोटो कैप्सन 1. सांसद डॉ. संजय जयसवाल के द्वारा बिजली विभाग को लिखा गया पत्र  फोटो कैप्सन 2. लोक शिकायत में बिजली विभाग के अधिकारियों के द्वारा ट्रांसफार्मर लगा दिये जाने का दिया गया जवाब   फोटो कैप्सन 3. अजगरी मठवा टोला गांव में जर्जर बिजली केबल तार | Prabhat Khabar Network

सांसद डॉ. संजय जयसवाल के द्वारा बिजली विभाग को लिखा गया पत्र

मोतिहारी के बंजरिया प्रखंड में भीषण गर्मी और उमस के बीच तीन दिनों से बिजली संकट बना हुआ है. ट्रांसफार्मर का फेज उड़ना और केबल में आग लगना ग्रामीणों के लिए आफत बन गया है. सांसद की अनुशंसा के बावजूद नया ट्रांसफार्मर नहीं लगने से ग्रामीणों में आक्रोश है और वे आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं.

विज्ञापन

Motihari News: बंजरिया में आसमान से बरसती गर्मी और उमस के बीच बंजरिया प्रखंड की अजगरी पंचायत के वार्ड संख्या 05 और 06 में बिजली संकट गहरा गया है. ग्रामीणों के अनुसार पिछले तीन दिनों से ट्रांसफार्मर का फेज बार-बार उड़ रहा है और केबल तारों में आग लग रही है. स्थानीय स्तर पर मरम्मत के बाद कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बहाल होती है, लेकिन लोड बढ़ते ही दो से चार घंटे के भीतर फिर फेज उड़ने या केबल जलने की समस्या शुरू हो जाती है. इससे ग्रामीणों में बिजली कटौती के साथ अगलगी की आशंका को लेकर भी दहशत है.

जर्जर ट्रांसफार्मर और केबल से बढ़ी परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि वार्डों में पुराने ट्रांसफार्मर और कमजोर केबल के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है. बार-बार केबल जलने से आसपास के घरों में भी आग लगने का खतरा बना रहता है. भीषण गर्मी और उमस में लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सांसद की अनुशंसा के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगने का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्रीय सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने 31 अगस्त 2025 को दोनों वार्डों की बिजली व्यवस्था को देखते हुए नया ट्रांसफार्मर लगाने की अनुशंसा की थी. इसके बाद ग्रामीणों ने लोक शिकायत निवारण कार्यालय में भी शिकायत दर्ज करायी. ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की ओर से 25 सितंबर 2025 को पत्रांक 53 के माध्यम से दी गयी रिपोर्ट में वार्ड में नया ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने की जानकारी दी गयी थी.

कागज पर ट्रांसफार्मर लगाने की रिपोर्ट का ग्रामीणों ने उठाया सवाल

ग्रामीणों का दावा है कि विभागीय रिपोर्ट में नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की बात कही गयी, लेकिन धरातल पर आज तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है. उनका कहना है कि पुराने ट्रांसफार्मर और जर्जर केबल के कारण ही बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है और तारों में आग लग रही है. ग्रामीणों ने विभागीय रिपोर्ट की जांच कराने की मांग की है.

24 घंटे में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द जर्जर केबल को बदलकर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी जाएगी. साथ ही कथित तौर पर गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों की जांच और कार्रवाई की मांग की जाएगी. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

यह भी पढ़ें: घोड़ासहन में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान, चार उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी, विभाग को 1.81 लाख की क्षति


विज्ञापन
Rajnikhil Banjriya

लेखक के बारे में

By Rajnikhil Banjriya

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन