मधुबनी नाट्य महोत्सव का आगाज, शाहपुर में जुटे कलाकार; ‘विद्यापति’ और ‘पमरिया’ नाटक होंगे मंचित
मधुबनी नाट्य महोत्सव का उद्घाटन करते विधायक माधव आनंद व अन्य अतिथि | Prabhat Khabar Network
मधुबनी नाट्य महोत्सव का शाहपुर में भव्य उद्घाटन हुआ. तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में मिथिला की लोक संस्कृति, लोकगीत और नाटकों का संरक्षण व संवर्धन किया जाएगा. पहले दिन कवि सम्मेलन ने सबका मन मोह लिया.
मधुबनी: पंडौल प्रखंड क्षेत्र के प्राचीन दुर्गा स्थान शाहपुर में रविवार की देर शाम तीन दिवसीय मधुबनी नाट्य महोत्सव का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर स्थानीय विधायक माधव आनंद, पूर्व मुखिया गोपाल झा, संतोष झा एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया. आदर्श महिला मंडल लडूगामा की ओर से आयोजित और कला एवं संस्कृति विभाग के सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की ओर से प्रायोजित इस महोत्सव का उद्देश्य कला, संस्कृति और लोक परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना है.
मिथिला की लोक संस्कृति को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास
उद्घाटन समारोह में विधायक माधव आनंद ने कहा कि महोत्सव के माध्यम से मिथिला की समृद्ध लोक संस्कृति, लोकगीत, लोक नृत्य, रंगमंच और साहित्यिक परंपराओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
कवि सम्मेलन और सेमिनार से हुआ आगाज
मधुबनी नाट्य महोत्सव के पहले दिन अर्जुन राय के निर्देशन में कवि सम्मेलन एवं सेमिनार का आयोजन किया गया. कवि सम्मेलन में प्रस्तुत हास्य-व्यंग पर दर्शकों की तालियों और हंसी से कार्यक्रम स्थल गूंजता रहा.
सेमिनार में मुख्य वक्ताओं के रूप में डॉ. अवधेश झा, इंद्रभूषण रमन बमबम, जटाधार पासवान, रानी झा तथा शैलेश झा शामिल हुए.
कवि सम्मेलन में कमलेश प्रमेंद्र, दीपक सर, बंशीधर मिश्रा, आनंद मोहन झा, मालती झा और रानी झा सहित अन्य कवियों ने अपनी प्रस्तुति दी. सह कलाकारों में निशात कुमार, सुमन, चिस्ती राजा और शक्ति ठाकुर शामिल रहे. उद्घोषिका की भूमिका शारदा झा ने निभायी.
अगले दो दिनों में लोक नृत्य और नाटक की प्रस्तुति
महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार की रात मैथिली, भोजपुरी और राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुति होगी. इसके साथ इशनाथ झा द्वारा लिखित नाटक ‘विद्यापति’ का मंचन किया जायेगा.
वहीं, मंगलवार को संध्या काल से लोक गीत-संगीत सहित अन्य प्रस्तुतियां होंगी. इस दौरान विशाल राज द्वारा लिखित नाटक ‘पमरिया’ का मंचन किया जायेगा.
कार्यक्रम में साजन सिंह, प्रिय रंजन, शशि सिंह, ओम झा, चंदन पांडे, पप्पु झा, संतोष झा, शैलेश झा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें
मधुबनी के बच्चों के लिए रक्सौल में मुफ्त सर्जरी का मौका, 20 से 25 सितंबर तक शिविर
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए