झंझारपुर के तीन निजी नर्सिंग होम में छापेमारी, दो बिना निबंधन मिले
जांच करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
झंझारपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीन निजी नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान दो नर्सिंग होम बिना आवश्यक निबंधन के संचालित पाए गए, जिससे हड़कंप मच गया. स्वास्थ्य विभाग ने मामले में आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
Private Nursing Home Inspection: स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के संयुक्त आदेश पर गठित दो सदस्यीय चिकित्सा जांच दल ने शनिवार को झंझारपुर शहर के तीन निजी नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान दो नर्सिंग होम बिना निबंधन के संचालित पाए गए. निरीक्षण दल में चिकित्सक डॉ. आफताब आलम और डॉ. निशांत कुमार शामिल थे. उनके साथ फुलपरास अनुमंडल अस्पताल के प्रबंधक अब्दुल मजीद समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे.
तीन निजी नर्सिंग होम की जांच
जांच टीम ने मां दुर्गा नर्सिंग होम, डॉ. महासेठ के आरसी मेमोरियल अस्पताल और भगवती नर्सिंग होम का निरीक्षण किया. इस दौरान संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, आवश्यक दस्तावेज और निबंधन से संबंधित कागजात की जांच की गयी.
डॉ. आफताब आलम ने बताया कि भगवती नर्सिंग होम में व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप पायी गयी.
मां दुर्गा नर्सिंग होम का नहीं मिला निबंधन
जांच के दौरान मां दुर्गा नर्सिंग होम का निबंधन नहीं मिला. निरीक्षण के समय वहां दो मरीज भर्ती थे. संस्थान के संचालक ने जांच टीम को बताया कि निबंधन के लिए आवेदन किया जा चुका है.
आरसी मेमोरियल अस्पताल भी बिना निबंधन मिला
इसी तरह डॉ. महासेठ के आरसी मेमोरियल अस्पताल का भी निबंधन जांच के दौरान उपलब्ध नहीं मिला. अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि निबंधन के लिए आवश्यक कागजात स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दिए गए हैं.
जांच दल ने दोनों संस्थानों के संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार ही स्वास्थ्य संस्थान संचालित करने का निर्देश दिया.
सिविल सर्जन को भेजी जाएगी रिपोर्ट
डॉ. आफताब आलम ने बताया कि निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट सिविल सर्जन को भेजी जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना निर्धारित मानकों और आवश्यक निबंधन के किसी स्वास्थ्य संस्थान का संचालन नहीं होने दिया जाएगा.
जांच टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास संचालित अन्य निजी नर्सिंग होम में भी हलचल देखी गयी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए