झंझारपुर-लौकहा रेलखंड पर मिला 20-25 दिन पुराना सड़ा-गला शव, डीएनए जांच से होगी पहचान
घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network
मधुबनी के झंझारपुर-लौकहा रेलखंड पर एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिला है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह 20 से 25 दिन पुराना है और इसकी पहचान मुश्किल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और डीएनए जांच से पहचान होने की उम्मीद है.
मधुबनी: झंझारपुर-लौकहा रेलखंड पर पुबारी टोला के समीप रेलवे ट्रैक के नीचे एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गये.
तेज दुर्गंध आने पर शव पर पड़ी नजर
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को रेलवे ट्रैक से गुजर रहे कुछ लोगों को तेज दुर्गंध महसूस हुई. इसके बाद नीचे झांकने पर ट्रैक के नीचे एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया. शव सिर ऊपर और पैर नीचे की अवस्था में था.
शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह करीब 20 से 25 दिन पुराना है. शरीर का मांस पूरी तरह गल चुका है, जिससे शव की पहचान करना मुश्किल हो गया है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
सूचना मिलते ही झंझारपुर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह और एसआई बिहारी आलम दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की.
थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शव की पहचान के लिए उसे दरभंगा लैब भेजा जाएगा. डीएनए जांच के बाद ही पहचान संभव हो सकेगी.
ट्रेन से गिरने या अन्य कारणों की जांच
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई है या किसी अन्य वजह से. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. कुछ लोग इसे हादसा मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे आपराधिक घटना से जोड़कर देख रहे हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.
यह भी पढ़ें
घोघर्दीहा ट्रेनिंग कॉलेज में बिजली गुल रहने से परेशान हुए प्रशिक्षु, जनरेटर नहीं चलने का आरोप
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए