बिहार के इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी, जानें 9 से 13 सितंबर का मौसम
बिहार में बारिश की चेतावनी (सांकेतिक तस्वीर)
बिहार के कई जिलों में 9 से 13 सितंबर के बीच मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है. जानें आपके जिले का मौसम कैसा रहेगा.
समस्तीपुर: उत्तर बिहार के जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है. डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त अनुमान के अनुसार, 9 से 13 सितंबर 2026 के दौरान क्षेत्र में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.
इन जिलों में वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग की एडवाइजरी के मुताबिक, 9 से 13 सितंबर के बीच बेगूसराय, सीवान, सारण, गोपालगंज तथा पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने की आशंका है.
इसके अलावा 9 से 11 सितंबर के दौरान सारण, सीवान और गोपालगंज के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र के ताजा पूर्वानुमान में भी 9 सितंबर को बिहार में भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है. 10 सितंबर को भी मध्यम से भारी बारिश और 11-12 सितंबर को गरज-चमक व बिजली के साथ मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है. 13 सितंबर को भी पटना में गरज-चमक के साथ बारिश के दौर की संभावना जतायी गयी है.
34 डिग्री तक रह सकता है अधिकतम तापमान
मौसम में बदलाव के बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. पूर्वानुमान अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
पटना के लिए IMD के 8 सितंबर के ताजा पूर्वानुमान में 9 सितंबर को अधिकतम 34 और न्यूनतम 28 डिग्री, जबकि 10 सितंबर को अधिकतम 33 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 11 से 13 सितंबर के दौरान अधिकतम तापमान करीब 32-33 डिग्री के बीच रहने की संभावना है.
सुबह अधिक रहेगी आर्द्रता
पूर्वानुमान के अनुसार, सापेक्ष आर्द्रता सुबह के समय 85 से 95 प्रतिशत और दोपहर में घटकर 55 से 60 प्रतिशत रहने का अनुमान है. इस कारण बारिश के बीच उमस का भी असर महसूस हो सकता है.
पूर्वानुमान अवधि में मुख्य रूप से पुरवा हवा 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है. हालांकि, 14 सितंबर को हवा का रुख बदलकर पछिया होने का अनुमान जताया गया है.
मौसम विभाग ने बिहार के लिए 9 और 10 सितंबर को भारी बारिश के साथ आंधी-वज्रपात की चेतावनी जारी की है, जबकि 11 से 13 सितंबर तक गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी बनी हुई है.
यह भी पढ़ें
विभूतिपुर में सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइक को मारी टक्कर; गायक की मौत
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए