तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइकों को मारी टक्कर, संकीर्तन गायक की मौके पर मौत, एक युवक गंभीर
मृतक के घर जुटी भीड़ | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के शंकर चौक के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी. इस हादसे में एक संकीर्तन गायक की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
समस्तीपुर: रोसड़ा-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर बेलसंडी भरपुरा सीमा स्थित शंकर चौक के पास सोमवार की देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी. हादसे में एक संकीर्तन गायक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना में दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आयी हैं. घटना के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया.
भजन कार्यक्रम से लौट रहे थे चार युवक
बताया गया है कि पटपरा दक्षिण वार्ड संख्या 5 निवासी रामनरेश यादव के 35 वर्षीय पुत्र धीरेंद्र यादव संकीर्तन-भजन का कार्य करते थे. सोमवार की रात वह तीन अन्य साथियों के साथ दो बाइकों पर सवार होकर एक भजन कार्यक्रम से अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान समस्तीपुर की ओर से रोसड़ा की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पहले डिहुली निवासी बेचन गिरी और मिथुन कुमार उर्फ मिथुन चक्रवर्ती की बाइक को चकमा दिया. इससे असंतुलित होकर दोनों सड़क किनारे गड्ढे में गिर गये और चोटिल हो गये.
सामने से ट्रक की जोरदार टक्कर, युवक की मौत
इसके बाद अनियंत्रित ट्रक ने धीरेंद्र यादव की बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक चला रहे धीरेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गयी. बाइक के पीछे बैठे डिहुली निवासी विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
मंगलवार की सुबह घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया.
परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था धीरेंद्र
धीरेंद्र यादव अपने तीन भाइयों में मंझले थे और परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे. उनकी असमय मौत से पत्नी आशा कुमारी, पुत्रियों अंशु और नेहा तथा पुत्र अमन कुमार समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक की तलाश में जुटी है.
यह भी पढ़ें
ताजपुर में 10 मांगों को लेकर मुखिया प्रतिनिधि का अनिश्चितकालीन अनशन, ग्रामीणों के समर्थन का दावा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए