बिजली कटने के दौरान नहीं चला जनरेटर, शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में गर्मी से परेशान रहे प्रशिक्षु
प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय घोघरडीहा | Prabhat Khabar Network
मधुबनी के घोघरडीहा में शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में बिजली कटौती से प्रशिक्षु शिक्षक और छात्र गर्मी से बेहाल रहे. समस्या तब और बढ़ गई जब जनरेटर भी बंद पाया गया. छात्र अंक कटने के डर से खुलकर विरोध भी नहीं कर पा रहे हैं.
मधुबनी: घोघरडीहा प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय में मंगलवार को विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के दौरान प्रशिक्षु शिक्षक और प्रशिक्षणार्थी छात्र गर्मी से परेशान रहे. विद्युत विभाग की ओर से पूर्व सूचना दी गयी थी कि तकनीकी कारणों से मंगलवार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. इसके बावजूद बिजली कटने के दौरान महाविद्यालय में लगा जनरेटर नहीं चलाया गया.
बिजली गुल, जनरेटर भी रहा बंद
मंगलवार को करीब 12 बजे तक महाविद्यालय में विद्युत आपूर्ति बाधित रही. इस दौरान जनरेटर भी बंद मिला. सभागार में प्रशिक्षु शिक्षकों का प्रशिक्षण चल रहा था, जबकि प्रथम तल की कक्षा में प्रशिक्षणार्थी छात्र मौजूद थे. बिजली नहीं रहने के कारण दोनों जगह गर्मी से लोग परेशान दिखे.
नाम नहीं छापने की शर्त पर प्रशिक्षुओं ने बताया कि महाविद्यालय में बिजली कटने की स्थिति में जनरेटर चलाने की व्यवस्था है. इसके बावजूद बिजली गुल होने पर अक्सर जनरेटर नहीं चलाया जाता है. इससे प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों और छात्रों को काफी परेशानी होती है.
विरोध करने से डरते हैं प्रशिक्षु
प्रशिक्षुओं का कहना है कि समस्या के बावजूद वे खुलकर विरोध नहीं कर पाते. उनका कहना है कि अंक काट लिए जाने के भय से कोई इस मामले में आवाज उठाने से बचता है.
सूत्रों के अनुसार, बिजली आपूर्ति बाधित होने पर जनरेटर के माध्यम से वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति किए जाने की व्यवस्था है. इसके बावजूद जनरेटर का नियमित उपयोग नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
प्रभारी प्राचार्य ने बताया आंतरिक वित्तीय मामला
प्रशिक्षुओं का कहना है कि यदि बिजली कटने के दौरान जनरेटर चलाया जाता तो उन्हें गर्मी से राहत मिल सकती थी.
इस संबंध में प्रभारी प्राचार्य शुभंकर पांडे ने कहा कि यह महाविद्यालय का आंतरिक वित्तीय मामला है. इसकी जानकारी वे केवल अपने वरीय अधिकारियों को ही देंगे. बिजली कटने के दौरान जनरेटर क्यों नहीं चलाया गया और इसके लिए क्या व्यवस्था है, इस संबंध में उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी.
यह भी पढ़ें
जन्माष्टमी विसर्जन के दौरान नाबालिग ने की फायरिंग, ग्रामीणों ने कट्टा समेत पकड़कर पुलिस को सौंपा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए