मधुबनी: बिना ई-वे बिल माल ले जा रही 5 गाड़ियां जब्त, वाणिज्य कर विभाग ने लगाया 1.25 लाख का जुर्माना
वाणिज्य कर कार्यालय के सामने जब्त मालवाहक गाड़ी | Prabhat Khabar Network
वाणिज्य कर विभाग ने मधुबनी में बिना ई-वे बिल और जरूरी दस्तावेजों के माल ले जा रही 5 मालवाहक गाड़ियों को जब्त किया है. इन वाहनों पर कुल 1.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. विभाग ने वाहन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है.
मधुबनी: वाणिज्य कर विभाग ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बिना ई-वे बिल और जरूरी दस्तावेज के माल ले जा रही पांच मालवाहक गाड़ियों को जब्त किया है. विभाग के अनुसार, इन वाहनों पर मखाना, प्लाईवुड, चॉकलेट, एल्युमिनियम विंडो सीट और पानी की बोतलें लदी थीं. पकड़े गए वाहनों पर कुल 1 लाख 25 हजार रुपये का दंड लगाया गया है.
आपके शहर में
रहिका-सकरी रोड से जयनगर रोड तक चला चेकिंग अभियान
सहायक कर आयुक्त अविनाश कुमार ने बताया कि मालवाहक वाहनों की जांच के दौरान पांच गाड़ियां पकड़ी गईं. ये वाहन रहिका-सकरी रोड, बड़ा बाजार और ककरौल-जयनगर रोड में चेकिंग के दौरान पकड़े गए.
जांच में वाहनों पर लदे माल से संबंधित ई-वे बिल, दस्तावेज और इनवॉयस उपलब्ध नहीं पाए गए. इसके बाद विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहनों को सीज कर दिया.
बिना ई-वे बिल माल ढोने पर विभाग की नजर
सहायक कर आयुक्त ने बताया कि कई कारोबारी वाणिज्य कर की चोरी के उद्देश्य से बिना ई-वे बिल के माल का परिवहन करते हैं. विभाग की ओर से ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए लगातार वाहन जांच की जा रही है.
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक पांच दर्जन से अधिक मालवाहक वाहनों को जरूरी कागजात नहीं होने के कारण पकड़ा जा चुका है.
सप्ताह में चार दिन होगी वाहन चेकिंग
वाहन चेकिंग अभियान में तेजी लाने के लिए वाणिज्य कर विभाग ने टीम का गठन किया है. विभाग के अनुसार, अब वाहन जांच अभियान को और व्यवस्थित तरीके से चलाया जाएगा.
इसके तहत सप्ताह में चार दिन मालवाहक वाहनों की चेकिंग की जाएगी. विभाग का उद्देश्य बिना ई-वे बिल और जरूरी दस्तावेज के माल का परिवहन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करना है.
यह भी पढ़ें
मधुबनी: बिजली चोरी की जांच करने गई टीम पर हमला, जेई समेत कई कर्मी घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए