मधुबनी: बिजली चोरी की जांच करने पहुंची टीम पर जानलेवा हमला, जेई समेत पूरी टीम को बनाया बंधक
बाबूबरही थाना
मधुबनी के बरूआर गांव में बिजली चोरी की जांच करने गई टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला किया. इस दौरान जेई और अन्य कर्मी घायल हो गए, जिन्हें बंधक भी बनाया गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टीम को मुक्त कराया.
मधुबनी: बाबूबरही थाना क्षेत्र के बरूआर गांव में बिजली चोरी और बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए गई बिजली विभाग की छापेमारी टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के संबंध में कनीय विद्युत अभियंता (जेई) नंद किशोर कुमार ने बाबूबरही थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है.
आपके शहर में
बिजली चोरी करते पकड़े जाने के बाद जब्त सामग्री छीनने का आरोप
जेई के आवेदन के अनुसार, बिजली विभाग की टीम बरूआर और छौरही पंचायत में जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान बरूआर निवासी संजय कुमार सहनी के आवासीय परिसर में टीम ने बिजली चोरी किए जाने का मामला पकड़ा.
आरोप है कि जब्ती की कार्रवाई के दौरान चमन सहनी उर्फ गुड्डू, सुमन कुमार सहनी, संजय कुमार सहनी, रामकृपाल सहनी, एकलव्य सहनी, गोलू सहनी, मिथिलेश सहनी समेत 20-25 अज्ञात लोगों ने जब्त सामग्री छीन ली. इस दौरान जांच रजिस्टर फाड़ने का भी आरोप है.
विरोध करने पर जेई समेत कर्मियों से मारपीट
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि कार्रवाई का विरोध करते हुए भीड़ ने जेई पर हमला कर दिया. उन्हें बचाने पहुंचे मानवबल महेंद्र कुमार यादव, संतोष कुमार सिंह और निकित राज भी घायल हो गए.
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि सहायक अभियंता संगीत कुमार को बंदूक का भय दिखाकर धमकी दी गई और बिजली विभाग की पूरी टीम को बंधक बना लिया गया.
प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि आरोपी रामकृपाल सहनी के खिलाफ पूर्व में भी बिजली चोरी का मामला दर्ज किया जा चुका है.
पुलिस ने टीम को कराया मुक्त, जाते समय फिर हुआ पथराव
घटना की सूचना मिलने पर बाबूबरही पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली विभाग की टीम को मुक्त कराया. प्राथमिकी के अनुसार, टीम के वहां से निकलने के दौरान भीड़ ने दोबारा ईंट-पत्थर से हमला कर दिया. इस हमले में महेंद्र कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए.
आरोप है कि घटना का वीडियो बना रहे बिजली विभाग के एक कर्मी का मोबाइल भी छीन लिया गया. मोबाइल में मौजूद वीडियो को डिलीट करने के बाद उसे तोड़ने की बात प्राथमिकी में कही गई है.
सीएचसी में भर्ती कराए गए घायल कर्मी
हमले में घायल सभी बिजली विभाग के कर्मियों को इलाज के लिए सीएचसी बाबूबरही में भर्ती कराया गया है. वहीं, बाबूबरही थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें
मधुबनी: लोहट में फिर खुलेगी चीनी मिल? नए प्रस्ताव से जगी उम्मीद, माधव आनंद ने दी जानकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए