मधुबनी: बाल श्रम के खिलाफ छापेमारी से मचा हड़कंप, एक बच्चे का रेस्क्यू

मधुबनी: बाल श्रम के खिलाफ छापेमारी से मचा हड़कंप, एक बच्चे का रेस्क्यू
बेनीपट्टी प्रखंड में बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. अमित लहठी सेंटर से एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया है. इस कार्रवाई से व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है.
मधुबनी: जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर बेनीपट्टी प्रखंड में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. धावा दल (रेस्क्यू टीम) ने बुधवार को विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान एक प्रतिष्ठान से एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया. प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों और व्यवसायियों में हड़कंप मच गया.
अमित लहठी सेंटर से बाल श्रमिक का रेस्क्यू
छापेमारी के दौरान धावा दल ने बेनीपट्टी स्थित अमित लहठी सेंटर से एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया. अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम से जुड़े मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
नियोजकों पर होगी कानूनी कार्रवाई
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी आकांक्षा ने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 (संशोधित 2016) के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस कानून के तहत दोषी पाए जाने पर जुर्माना और जेल, दोनों का प्रावधान है.
मुक्त बाल श्रमिक को मिलेगा पुनर्वास का लाभ
प्रशासन ने बताया कि मुक्त कराए गए बाल श्रमिक को सरकारी पुनर्वास एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि उसकी शिक्षा और भविष्य सुरक्षित हो सके.
धावा दल में शामिल रहे कई अधिकारी
अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी आकांक्षा, अश्विनी राज, अभिषेक कुमार, रौशन कुमार, ग्राम विकास युवा ट्रस्ट के प्रतिनिधि संतोष कुमार, रतना कुमारी तथा जिला पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही.
प्रशासन की सख्त चेतावनी
प्रशासन ने सभी दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को चेतावनी दी है कि किसी भी नाबालिग से काम न कराया जाए. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बाल श्रम कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में बिना किसी रियायत के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










