नहर में पानी नहीं पहुंचने से सूखने लगी धान की फसल, किसानों ने किया प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

प्रदर्शन करते किसान | Prabhat Khabar Network

मधुबनी में बारिश की कमी और नहर में पानी न आने से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं. सैकड़ों एकड़ धान की फसल सूख रही है, जिससे किसानों ने प्रदर्शन किया है. प्रशासन से जल्द पानी छोड़ने की मांग की गई है.

विज्ञापन

Madhubani News: बारिश की कमी और पश्चिमी कोसी नहर की शाखा नहर में पानी नहीं पहुंचने से झंझारपुर प्रखंड के सुखेत पंचायत के किसानों की चिंता बढ़ गई है. सिंचाई के अभाव में गोधनपुर, बेलारही, दीप सहित आसपास के गांवों में सैकड़ों एकड़ धान की फसल सूखने लगी है. नाराज किसानों ने शनिवार को शाखा नहर के पास प्रदर्शन कर जल्द पानी छोड़ने की मांग की.

आपके शहर में

विज्ञापन

खेतों में पड़ने लगी दरारें, किसानों की बढ़ी चिंता

किसानों का कहना है कि लगातार बारिश नहीं होने से खेतों की नमी खत्म हो गई है. शाखा नहर पूरी तरह सूखी पड़ी है, जिससे बिचड़ा और रोपनी वाले खेतों में दरारें पड़ने लगी हैं. उनका कहना है कि यदि समय रहते सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई तो धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो सकती है.

प्रदर्शन में शामिल किसान विजय चौपाल, उमाकांत कामत, शिवन राय, राजकुमार झा, हरेराम राय, शिया राम राय, बुचन चौपाल और गणेश चौपाल ने कहा कि बादल छाए रहने के बावजूद पर्याप्त बारिश नहीं हो रही है. ऐसे में रोपनी प्रभावित हो रही है और खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में सौर ऊर्जा क्रांति की शुरुआत, 10,631 घरों पर लगेंगे रूफटॉप सोलर सिस्टम

प्रशासन से अविलंब पानी छोड़ने की मांग

किसानों ने प्रशासन से पश्चिमी कोसी नहर की शाखा नहर में तत्काल पानी छोड़ने की मांग की है. उनका कहना है कि समय पर सिंचाई नहीं होने से महंगे बीज और खाद पर किया गया खर्च भी बेकार हो सकता है.

कार्यपालक अभियंता बोले- जल्द शाखा नहर में पहुंचेगा पानी

पश्चिमी कोसी नहर के कार्यपालक अभियंता अंगेश कुमार ने बताया कि मुख्य नहर में पानी पहुंच चुका है. शाखा नहर में पानी डायवर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके लिए संबंधित एसडीओ और अभियंताओं को निर्देश दिए जा चुके हैं.

उन्होंने कहा कि जल्द ही शाखा नहर में पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा, जिससे किसानों को राहत मिलेगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन