मूसलाधार बारिश से उदाकिशुनगंज बना तालाब, बाजार से स्कूल तक जलजमाव ने बढ़ाई मुसीबत

जलजमाव ने बढ़ाई मुसीबत
Uda Kishunganj Rain News: उदाकिशुनगंज में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. मुख्य बाजार से लेकर स्कूलों तक पानी भर गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है. स्थानीय लोग स्थायी नाला निर्माण की मांग कर रहे हैं.
Uda Kishunganj Rain News: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. मुख्य बाजार से लेकर आवासीय इलाकों और प्रमुख सड़कों तक जलजमाव की स्थिति बन गई है. कई स्थानों पर घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. दुकानों में ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जबकि स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
मुख्य बाजार बना तालाब, दुकानदारों की बढ़ी चिंता
बारिश के बाद उदाकिशुनगंज का मुख्य बाजार जलमग्न हो गया. सड़क के दोनों ओर स्थित सैकड़ों दुकानों के सामने पानी जमा होने से कारोबार प्रभावित हो गया. दुकानदारों का कहना है कि वर्षों से जल निकासी की समस्या बनी हुई है, लेकिन नगर परिषद बनने के चार साल बाद भी स्थायी समाधान नहीं हो पाया है. हर वर्ष पंप और टैंकर से पानी निकालकर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है.
घरों और दुकानों तक पहुंचा बारिश का पानी
लगातार बारिश के कारण कई मोहल्लों में पानी घरों और दुकानों तक पहुंच गया. लोगों को मोटर और बाल्टी की मदद से पानी बाहर निकालना पड़ा, लेकिन निकासी का समुचित रास्ता नहीं होने से जलजमाव लंबे समय तक बना रहा. स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार में स्थायी नाला निर्माण ही इस समस्या का समाधान है.
जहां सबसे ज्यादा जलभराव, वहीं अधूरा नाला निर्माण
स्थानीय लोगों ने बताया कि बुडको के माध्यम से शहर में नाला निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन जिन इलाकों में सबसे अधिक जलजमाव होता है, वहां प्राथमिकता नहीं दी जा रही है. लोगों का कहना है कि अधूरी और असंतुलित योजना से समस्या खत्म होने के बजाय और बढ़ सकती है.
Uda Kishunganj Rain News: मंदिर, स्कूल और प्रमुख सड़कें भी जलमग्न
मुख्य बाजार स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर भी बारिश के पानी से भर गया, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में परेशानी हुई. वहीं वार्ड संख्या 15 में दुर्गा स्थान से बंधन बैंक जाने वाली सड़क और वार्ड संख्या 16 में मुरली टोला स्थित सत्संग भवन तक का मार्ग भी जलमग्न रहा.
कॉलेज चौक से थाना चौक जाने वाली बायपास सड़क पर कीचड़ और पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. वहीं पुराना पंचायत भवन से मजहरपट्टी जाने वाली सड़क पर करीब दो फीट तक पानी जमा हो गया. इसी मार्ग से हाई स्कूल, मध्य विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और बीआरसी आने-जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा.
स्थायी समाधान की मांग तेज
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने नगर परिषद से शहर में वैज्ञानिक तरीके से जल निकासी व्यवस्था विकसित करने, मुख्य बाजार में पक्के नालों का निर्माण कराने और जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में एक जैसी स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं. Also Read: भ
ागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कौनैन वशीर
कौनैन वशीर प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. वर्ष 2001 में अमर उजाला से पत्रकारिता की शुरुआत की. अभी उदाकिशनगंज (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










