13 मौजों से गुजरेगा ग्रीनफील्ड सिक्स लेन एक्सप्रेसवे, भूमि अधिग्रहण में देरी से अटका निर्माण

इसी रास्ते से होकर गुजरेगी एक्सप्रेस वे.
पूर्णिया-पटना ग्रीनफील्ड सिक्स लेन एक्सप्रेसवे के निर्माण में भूमि अधिग्रहण की धीमी गति बाधा बन रही है. मधेपुरा जिले के 13 राजस्व मौजों से गुजरने वाली इस परियोजना से यात्रा समय काफी कम होने की उम्मीद है.
कुमार आशीष, मधेपुरा. राज्य के पहले पूर्णिया-पटना ग्रीनफील्ड सिक्स लेन एक्सप्रेसवे के निर्माण की दिशा में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. हालांकि विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) को स्वीकृति मिलने के बावजूद भूमि अधिग्रहण की धीमी रफ्तार के कारण निर्माण कार्य शुरू होने में विलंब हो रहा है. प्रस्तावित एक्सप्रेसवे मधेपुरा जिले के 13 राजस्व मौजों से होकर गुजरेगा. जिले में करीब 33 किलोमीटर लंबे हिस्से के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है. यह सड़क ग्वालपाड़ा और बिहारीगंज अंचल क्षेत्र से होकर गुजरेगी.
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने बताया कि भूमि से संबंधित सर्वेक्षण और सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया गया है. अब संयुक्त भौतिक सत्यापन (ज्वाइंट मेजरमेंट सर्वे) तथा मौजा-वार खेसरा पंजी तैयार करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. इसके बाद जमीन का दर निर्धारण किया जाएगा और भूस्वामियों को मिलने वाले मुआवजे की राशि तय की जाएगी.
मुआवजे की जानकारी के लिए अंचल कार्यालय पहुंच रहे किसान
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ प्रभावित क्षेत्रों के किसानों की दिलचस्पी भी बढ़ गई है. मुआवजा, जमीन की मापी और अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान अंचल कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही अधिग्रहण की प्रक्रिया में और तेजी लाई जाएगी.
दो से ढाई घंटे में पटना पहुंचना होगा संभव
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनने के बाद मधेपुरा से पटना की यात्रा काफी आसान हो जाएगी. वर्तमान में सड़क मार्ग से छह से सात घंटे का समय लगता है, जबकि एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह दूरी महज दो से ढाई घंटे में पूरी की जा सकेगी. इससे कोसी और सीमांचल क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा व्यापार, उद्योग और निवेश को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
भूमि अधिग्रहण में देरी से पिछड़ते हैं बड़े प्रोजेक्ट
मधेपुरा के सांसद दिनेश चंद्र यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने परियोजना के लिए राशि उपलब्ध करा दी है, लेकिन जिले में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अपेक्षित गति से नहीं चल रही है. उन्होंने कहा कि बिहार में कई बड़ी परियोजनाएं समय पर शुरू नहीं हो पातीं, क्योंकि जमीन अधिग्रहण में अनावश्यक देरी होती है. उन्होंने प्रशासन से प्रक्रिया में तेजी लाकर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की.
प्रमुख तथ्य
- पूर्णिया-पटना ग्रीनफील्ड सिक्स लेन एक्सप्रेसवे की लंबाई 245 किलोमीटर होगी.
- परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 27 हजार करोड़ रुपये है.
- मधेपुरा जिले के 13 राजस्व मौजों से होकर एक्सप्रेसवे गुजरेगा.
- जिले में लगभग 33 किलोमीटर हिस्से के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है.
- ग्वालपाड़ा और बिहारीगंज अंचल परियोजना से प्रभावित होंगे.
- निर्माण पूरा होने के बाद मधेपुरा से पटना की यात्रा दो से ढाई घंटे में संभव होगी.
ALSO READ : नितिन नवीन वाली सीट बांकीपुर से अभिषेक कुमार होंगे BJP उम्मीदवार, पार्टी ने किया नाम का ऐलान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











