खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने की मांग, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सौंपा आवेदन

कैमरों के बंद रहने से अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है और आमलोग एवं व्यापारी वर्ग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे है
मुरलीगंज, मधेपुरा.
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने नगर पंचायत क्षेत्र में बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को अविलंब ठीक कराने की मांग उठाई है. इस संबंध में चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार को आवेदन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की. आवेदन में कहा गया है कि नगर पंचायत द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रमुख स्थानों पर लाखों रुपये खर्च कर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे, ताकि शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके, लेकिन वर्तमान समय में अधिकांश कैमरे खराब पड़े हैं और केवल शोपीस बनकर रह गए है.चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने बताया कि शहर में आये दिन लूटपाट, चैन स्नैचिंग, मोटरसाइकिल एवं साइकिल चोरी जैसी घटनाएं हो रही है. ऐसे मामलों में सीसीटीवी कैमरे अपराधियों की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन कैमरों के बंद रहने से अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है और आमलोग एवं व्यापारी वर्ग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे है. व्यापारियों ने कहा कि यदि सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से कार्य करने लगें तो अपराधियों में भय का माहौल बनेगा एवं शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी. इससे व्यापारियों को भी राहत मिलेगी तथा लोग सुरक्षित माहौल में अपने व्यवसाय का संचालन कर सकेंगे. चैंबर ऑफ कॉमर्स ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि शहर में खराब पड़े सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि शहरवासियों एवं व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
मौके पर चैंबर ऑफ कॉमर्स मुरलीगंज के अध्यक्ष शिव शंकर भगत, सचिव विनोद बाफना, कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल, प्रणय साह, मनीष कुमार, राजीव जायसवाल, मनोज भगत, विनय चौधरी, मुन्ना भगत सहित अन्य व्यवसायी मौजूद थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










