Madhepura News : अफवाहों पर न दें ध्यान, जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक, आपूर्ति सामान्य

जिले में रसोई गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने विराम लगा दिया है.
मधेपुरा से कुमार आशीष की रिपोर्ट Madhepura News : जिले में रसोई गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने विराम लगा दिया है. मंगलवार को समाहरणालय स्थित जिला आपूर्ति पदाधिकारी के कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया गया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है. प्रशासन ने उपभोक्ताओं से पैनिक न होने और अफवाहों से बचने की अपील की है.
आंकड़ों में गैस की स्थिति
जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मधेपुरा में कुल 4,04,080 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं. इनमें से 2,78,661 उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जुड़े हैं. जिले में प्रतिदिन औसतन 4,443 सिलेंडरों की खपत होती है. 27 अप्रैल को 3,019 सिलेंडरों की बिक्री हुई, जबकि 28 अप्रैल को जिले के विभिन्न गोदामों में 11,656 सिलेंडर स्टॉक में मौजूद हैं. इसके अलावा 823 कमर्शियल सिलेंडर भी उपलब्ध हैं.
कंट्रोल रूम नंबर जारी
गैस वितरण से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. उपभोक्ता 06476-222220 पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं.
पीएनजी कनेक्शन पर जोर, 1650 घरों में आपूर्ति शुरू
एलपीजी के विकल्प के रूप में प्रशासन शहरी क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस को बढ़ावा दे रहा है. वर्तमान में मधेपुरा शहर के लगभग 1650 घरों में पीएनजी पहुंच चुकी है. जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि सिंहेश्वर नगर पंचायत के कई वार्डों में भी पीएनजी की नियमित सप्लाई हो रही है. यह एलपीजी की तुलना में सस्ती और सुरक्षित है.सतत निगरानी के निर्देश
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग गैस वितरण प्रणाली की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहा है. उन्होंने वितरकों को निर्देश दिया है कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए. साथ ही जनता से अनुरोध किया कि वे अनावश्यक रूप से एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं और केवल आवश्यकता पड़ने पर ही बुकिंग करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मो. ताजिम
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से स्नातक कर 2018 से अलग-अलग हिंदी न्यूज चैनलों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं. न्यूज नेशन में बतौर एसोसिएट प्रोड्यूसर दो साल का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर, बिहार में समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. आसपास घटने वाली चीजों पर बारीकी से नजर बनाए रखना और उसका विश्लेषण कर सरल और समझने योग्य तरीके से खबरों को पेश करने में विशेषज्ञता.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










