दो साल से खराब पड़ा ट्रांसफार्मर, सिंचाई नहीं होने से 50 एकड़ खेती पर संकट, किसानों में नाराजगी

Transformer Fault : विभाग से कई बार शिकायत के बावजूद नहीं बदला गया ट्रांसफार्मर, निजी नलकूप के भरोसे खेती करने को मजबूर किसान
मेदनीचौकी(लखीसराय) से रंजीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
Transformer Fault : लखीसराय जिले के मेदनीचौकी क्षेत्र स्थित अवगिल रामपुर पंचायत के अवगिल चक मौजे में पिछले दो वर्षों से खराब ट्रांसफार्मर किसानों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है. सिंचाई की सुविधा ठप होने से करीब 50 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित है. किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ने अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला, जिससे खेती और उत्पादन दोनों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
दो साल से बंद पड़ी सिंचाई व्यवस्था
ग्रामीणों के अनुसार अवगिल चक मौजे में दो वर्ष पहले कृषि सिंचाई के उद्देश्य से ट्रांसफार्मर लगाया गया था. लेकिन स्थापना के बाद से ही यह सही ढंग से काम नहीं कर सका. शिकायत मिलने पर विभाग ने एक बार ट्रांसफार्मर बदला, लेकिन दोबारा भी खराब ट्रांसफार्मर लगा दिया गया. इसके बाद से सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है.
निजी नलकूप के भरोसे खेती
पूर्व मुखिया अजय पासवान, राकेश रंजन, सुरेश पासवान, रामाशीष तांती, अधेश्वर महतो, गिरीश महतो, जतिन महतो, बुद्धन यादव और टिंकू कुमार सहित कई किसानों ने बताया कि सिंचाई के लिए उन्हें दूर स्थित निजी नलकूपों पर निर्भर रहना पड़ता है. इससे सिंचाई की लागत बढ़ जाती है और समय पर खेतों तक पानी भी नहीं पहुंच पाता.
कई खेत रह जाते हैं खाली
Transformer Fault : किसानों का कहना है कि पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं मिलने के कारण कई बार खेतों में फसल लगाना संभव नहीं हो पाता. मजबूरी में कुछ भूमि बिना खेती के ही छोड़नी पड़ती है. इसका सीधा असर किसानों की आय पर पड़ रहा है. वहीं नगदी फसलों की खेती भी प्रभावित हो रही है, जिससे आर्थिक नुकसान लगातार बढ़ रहा है.
अनाज उत्पादन पर भी पड़ रहा असर
ग्रामीणों का कहना है कि यदि ट्रांसफार्मर चालू हो जाए तो करीब 50 एकड़ भूमि की नियमित सिंचाई संभव हो सकेगी. इससे धान, मक्का और अन्य फसलों का उत्पादन बढ़ेगा. किसानों का मानना है कि सिंचाई व्यवस्था बाधित रहने से केवल किसानों का ही नहीं, बल्कि सरकार के कृषि उत्पादन लक्ष्य पर भी असर पड़ रहा है.
जल्द समाधान की मांग
किसानों ने बिजली विभाग से अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि खरीफ फसल का समय चल रहा है और यदि जल्द व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो इस सीजन में भी भारी नुकसान उठाना पड़ेगा.
Also Read: मानसून फिर हुआ सुस्त, बिहार के 18 जिलों में येलो अलर्ट, जानिए कब होगी झमाझम बारिश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










