रामगढ़ चौक के नोनगढ़ में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन

Updated:
विज्ञापन

रामगढ़ चौक के नोनगढ़ में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन

विज्ञापन

बाल विवाह होने के बाद मानसिक व शारीरिक रूप से कमजोर हो जाती है बेटियां : जूली देवी

लखीसराय. महिला एवं बाल विकास निगम व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को रामगढ़ चौक प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय नोनगढ़ में ”बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” योजना के तहत सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन स्थानीय मुखिया जुली देवी, हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता गौरम्मा सिन्हा, प्रधानाध्यापक हरेंद्र कुमार और लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

बाल विवाह समाज के लिए अभिशाप, बहिष्कार की अपील

छात्राओं व ग्रामीण महिलाओं को संबोधित करते हुए जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने ”बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कानूनी पहलुओं की जानकारी दी. बताया कि बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के तहत शादी की न्यूनतम उम्र लड़कियों के लिए 18 व लड़कों के लिए 21 वर्ष अनिवार्य है. इसका उल्लंघन करने पर दो वर्ष के कारावास व एक लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान है. उन्होंने कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बेटियों के सपनों, बचपन और स्वास्थ्य को भी बुरी तरह प्रभावित करता है.

एक छत के नीचे मिलेगी महिलाओं को मदद

सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने केंद्र की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि जिले में घरेलू हिंसा से प्रताड़ित महिलाओं व किशोरियों के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित है, जहां उन्हें एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की सहायता और परामर्श निःशुल्क प्रदान किया जाता है. महिलाओं को आपातकालीन स्थिति में 181 हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करने की सलाह दी गयी.

बेटियों के सशक्तीकरण से बदलेगी पंचायत की तस्वीर

मुखिया जूली देवी ने अपने संबोधन में बाल विवाह को मानसिक व शारीरिक रूप से कमजोर बनाने वाली कुप्रथा बताया. उन्होंने छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे में न आएं. किसी भी प्रकार की हिंसा या छेड़छाड़ होने पर तुरंत जानकारी दें. उन्होंने गर्व से कहा कि नोनगढ़ पंचायत में बाल विवाह की समस्या नहीं है, फिर भी सजग रहना आवश्यक है.

शपथ ग्रहण व स्वच्छता किट का वितरण

कार्यक्रम के समापन पर मुखिया जूली देवी ने उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलायी. इसके पश्चात स्वच्छता प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छात्राओं के बीच स्वच्छता किट्स का वितरण किया. मौके पर विद्यालय के शिक्षक, कई सामाजिक कार्यकर्ता समेंत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन