सूर्यगढ़ा में ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, अमन-चैन की मांगी दुआ
सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र में चक मसकन मस्जिद से निकाला गया जुलूस-ए-मोहम्मदी | Prabhat Khabar Network
सूर्यगढ़ा में ईद मिलादुन्नबी के मौके पर जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। लोगों ने देश में अमन-चैन और भाईचारे के लिए विशेष दुआ मांगी। देखें पूरी खबर।
सूर्यगढ़ा : पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मोत्सव ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए. इस दौरान लोगों ने अमन, भाईचारे और देश की सलामती की दुआ मांगी.
आपके शहर में
चक मसकन से निकला जुलूस
चक मसकन मस्जिद से निकले जुलूस का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता रिजवान राइन और मोहम्मद शाबान ने संयुक्त रूप से किया. जुलूस अस्पताल चौक, पटेल चौक, सरकारी बस पड़ाव, शहीद द्वार और शहीद स्मृति चौक होते हुए सूर्यगढ़ा थाना चौक पहुंचा. जुलूस में लोग हाथों में तिरंगा और इस्लामिक झंडे लेकर शामिल हुए और नात-ए-पाक पढ़ते हुए आगे बढ़े. युवाओं और बच्चों में पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखा.
कटेहर मदरसा से भी निकला जुलूस
कटेहर स्थित मदरसा से भी जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. इसका नेतृत्व मोहम्मद सरफुद्दीन ने किया. जुलूस मौला नगर समेत नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण मार्गों से होते हुए सूर्यगढ़ा शहीद स्मृति चौक पहुंचा.
मस्जिदों और मदरसों में हुए विशेष आयोजन
ईद मिलादुन्नबी को लेकर सुबह से ही मस्जिदों और बाजारों में चहल-पहल रही. स्थानीय मस्जिदों और मदरसों में कुरआनख्वानी तथा सीरत-ए-नबी पर विशेष जलसे आयोजित किए गए. वक्ताओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और उनके उपदेशों के साथ अमन, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया.
पुलिस की रही विशेष निगरानी
जुलूस के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सूर्यगढ़ा थाना की पुलिस मुस्तैद रही. पुलिस बल की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. समापन के बाद देश में अमन-चैन, भाईचारे और मुल्क की सलामती के लिए विशेष दुआ की गई और तबर्रुक का वितरण किया गया. आयोजन ने आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश दिया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए