लखीसराय में CCTV बना मासूम का रक्षक, लापता होने के कुछ घंटे बाद बालक सकुशल बरामद
श्रवित कुमार का फाइल फोटो व सीसीटीवी फुटेज में युवक के साथ मासूम की तस्वीर.
Missing Child Found: पांच वर्षीय मासूम के लापता होने से मचा हड़कंप कुछ ही घंटों में खत्म हो गया, जब CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
मुख्य बातें
- घर के बाहर खेलने निकला था मासूम, फिर नहीं लौटा वापस
- CCTV फुटेज ने खोला पूरा राज
- सूचना मिलने के डेढ़ घंटे के भीतर पुलिस ने दिखायी तत्परता
लखीसराय से राजीव मुरारी सिन्हा की रिपोर्ट
Missing Child Found: लखीसराय नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को लापता हुए पांच वर्षीय बालक को पुलिस ने शिकायत मिलने के महज डेढ़ घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. मामले में सीसीटीवी फुटेज सबसे बड़ा सुराग साबित हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं.
घर के बाहर खेलने निकला था मासूम, फिर नहीं लौटा वापस
जानकारी के अनुसार नदियामा निवासी रितेश कुमार अपने परिवार के साथ नगर थाना क्षेत्र के डीएवी स्कूल के पीछे स्थित एक किराये के मकान में रहते हैं. शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उनका साढ़े चार वर्षीय पुत्र श्रवित कुमार घर से खेलने के लिए बाहर निकला था.
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब बच्चा वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी.
Missing Child Found: CCTV फुटेज ने खोला पूरा राज
परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो फुटेज में एक युवक बालक का हाथ पकड़कर अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस को तत्काल सूचना दी गई.
पुलिस ने फुटेज के आधार पर युवक की पहचान और संभावित ठिकानों की तलाश शुरू कर दी. यही फुटेज पूरे मामले के खुलासे में सबसे अहम कड़ी साबित हुई.
विद्यापीठ चौक के पास से सकुशल मिला बच्चा
सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान शुरू किया. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक एक बच्चे के साथ इंग्लिश मोहल्ला और विद्यापीठ चौक के आसपास देखा गया है.
पुलिस टीम और परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और विद्यापीठ चौक से सटी पुरानी बाजार गली से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया. बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली.
आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में लखीसराय के पंजाबी मोहल्ला निवासी मोहम्मद फारूक अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी मोहम्मद रुबैद का पुत्र बताया जा रहा है. इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 340/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
सूचना मिलने के डेढ़ घंटे के भीतर पुलिस ने दिखायी तत्परता
नगर थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि बच्चा दोपहर 12 बजे से लापता था, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना शाम 5:30 बजे मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और करीब डेढ़ घंटे के भीतर शाम 7 बजे बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की हो रही सराहना
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है. समय रहते की गई कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक बड़ा हादसा टल गया और मासूम अपने परिवार तक सुरक्षित लौट सका.
ये भी पढ़े : बिना वैध वीजा के भारत में रह रहे बांग्लादेशी दंपती बांका के जमदाहा ठाकुरबाड़ी से गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










