बड़हिया के खुटहा में बाढ़ से हालात गंभीर, राहत के इंतजार में हजारों ग्रामीण

Updated:
विज्ञापन

गंगा के जलस्तर में ठहराव के बावजूद बड़हिया के खुटहा पश्चिमी और पूर्वी पंचायत में बाढ़ का कहर जारी है. मुख्य सड़कों पर जलजमाव और घरों में पानी घुसने से ग्रामीण परेशान हैं. 50 बीघा सब्जी की फसल बर्बाद होने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है.

विज्ञापन

लखीसराय, बड़हिया. गंगा के जलस्तर में ठहराव के बावजूद बड़हिया क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित परिवारों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं. खुटहा पश्चिमी और खुटहा पूर्वी पंचायत की अधिकांश आबादी बाढ़ से प्रभावित है. गांव तक आने वाली मुख्य सड़क पर बाढ़ का पानी जमा है, जबकि कई घरों में पानी प्रवेश कर गया है. ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अब भी राहत और बचाव कार्य का इंतजार है.

आपके शहर में

विज्ञापन

अधिकांश घरों में घुसा बाढ़ का पानी

खुटहा गांव निवासी गुलशन कुमार ने बताया कि गांव के अधिकतर घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है. पूरा गांव बाढ़ की चपेट में है और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों की शिकायत है कि अब तक पदाधिकारी गांव तक पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने नहीं आये हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली जा रही है, लेकिन गांवों में रहने वाले प्रभावित परिवारों की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है. इससे ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गयी है.

20 घंटे तक बिजली आपूर्ति रही बाधित

बाढ़ के बीच खुटहा गांव में बिजली आपूर्ति भी करीब 20 घंटे तक बाधित रही. ग्रामीण गुलशन कुमार ने बताया कि रविवार अपराह्न करीब दो बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गयी थी, जो सोमवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे बहाल हो सकी.

बाढ़ की स्थिति में लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को और परेशानी का सामना करना पड़ा. लोगों का कहना है कि आपदा की स्थिति में बिजली जैसी आवश्यक सुविधा की निर्बाध आपूर्ति जरूरी है.

50 बीघा में लगी सब्जी की फसल बर्बाद

बाढ़ से खुटहा गांव के किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है. ग्रामीणों के अनुसार करीब 50 बीघा खेत में लगी सब्जी की फसल बाढ़ के पानी में डूबकर बर्बाद हो गयी. किसानों ने फसल नुकसान से करीब 50 लाख रुपये की क्षति का अनुमान जताया है.

किसानों का कहना है कि कृषि पर निर्भर इस इलाके में बाढ़ ने उनकी आर्थिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित किया है. फसल बर्बाद होने के बाद किसानों के सामने परिवार चलाने और अगली खेती की तैयारी करने की चुनौती खड़ी हो गयी है.

ग्रामीणों को अब भी राहत का इंतजार

बाढ़ प्रभावित परिवारों का कहना है कि उन्हें तत्काल राहत सामग्री, सुरक्षित आवागमन और बचाव की व्यवस्था की जरूरत है. पानी से घिरे परिवारों को सबसे अधिक परेशानी भोजन, आवागमन और रोजमर्रा की आवश्यकताओं को लेकर हो रही है.

बड़हिया के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी: सीओ

बड़हिया अंचलाधिकारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि खुटहा सहित बड़हिया के सभी बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है. बाढ़ पीड़ितों के बीच पॉलीथिन शीट और पशु चारा वितरित किया जा रहा है. इसके साथ ही फूड पैक का वितरण भी शुरू कर दिया गया है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन