आशा दिवस पर कार्यकर्ताओं को रिपोर्टिंग और स्वास्थ्य सेवाओं की दी गई जानकारी
सीएचसी हलसी में आशा दिवस पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद आशा कार्यकर्ता
ASHA Workers Training: ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आशा दिवस पर आयोजित प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध रिपोर्टिंग की जानकारी दी गई.
हलसी (लखीसराय) से केशव कुमार की रिपोर्ट:
ASHA Workers Training: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हलसी में गुरुवार को आशा दिवस के अवसर पर प्रखंड की सभी आशा कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध रिपोर्टिंग और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना रहा.
पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश
प्रशिक्षण के दौरान आशा मैनेजर कमलेश कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आशा कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करने और प्रतिमाह अद्यतन रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
एमडीआर और सीडीआर रिपोर्टिंग पर विशेष जोर
आशा मैनेजर ने मातृ मृत्यु दर (एमडीआर) और शिशु मृत्यु दर (सीडीआर) की रिपोर्टिंग को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि 15 से 49 वर्ष आयु वर्ग की किसी भी महिला की मृत्यु होने पर निर्धारित प्रपत्र भरकर तत्काल विभाग को सूचना देना अनिवार्य है.
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिला की मृत्यु की स्थिति में 104 हेल्पलाइन और स्वास्थ्य विभाग को तुरंत जानकारी देनी होगी. वहीं नवजात या बच्चों की मृत्यु होने पर भी निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट जमा करना आवश्यक है, ताकि मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जा सकें.
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच, परिवार नियोजन, पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई. इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया.
ईमानदारी से दायित्व निभाने की अपील
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आशा कार्यकर्ताओं से अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने और स्वास्थ्य संबंधी सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने की अपील की. अधिकारियों ने कहा कि इस प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को योजनाओं के क्रियान्वयन और रिपोर्टिंग प्रक्रिया की बेहतर समझ विकसित हुई है, जिसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










