लखीसराय में 100 फीट ऊंचे मंदिर में उमड़ रही आस्था, नवरात्र में लगता है भक्तों का महाकुंभ

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 29 May 2026 7:05 AM

विज्ञापन

वैष्णवी दुर्गा मंदिर

Aaj Ka Darshan : लखीसराय के नोमा गांव में स्थित वैष्णवी दुर्गा मंदिर इन दिनों श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र बना हुआ है. 100 फीट ऊंचा यह भव्य मंदिर अब सिर्फ पूजा स्थल नहीं, बल्कि इलाके की पहचान बन चुका है.

विज्ञापन

केशव कुमार की रिपोर्ट

Aaj Ka Darshan : हलसी. धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को समेटे लखीसराय जिले का नोमा गांव इन दिनों भक्तिभाव के रंग में डूबा हुआ है. गांव के पश्चिम छोर पर स्थित मां वैष्णवी दुर्गा मंदिर अपनी भव्यता, दिव्यता और वास्तुकला के कारण दूर-दूर से श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है. साल 2005 में छोटे स्तर पर शुरू हुआ यह मंदिर आज 100 फीट ऊंचे विशाल स्वरूप में इलाके की नई पहचान बन गया है.

हर दिन उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़

मंदिर में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. नोमा के अलावा कनौसी, कुसुमतार, लहुआरा, सिरखिंडी और कुमैठा समेत कई गांवों से लोग यहां माथा टेकने आते हैं. चैत्र और शारदीय नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भर जाता है. संध्या आरती के समय शंख, घड़ियाल और झांझ-मंजीरों की ध्वनि पूरे माहौल को भक्तिमय बना देती है.

पांच डिसमिल जमीन दान से शुरू हुई थी कहानी

मंदिर निर्माण की शुरुआत वर्ष 2005 में हुई थी. उस समय जमीन सबसे बड़ी समस्या थी. तभी गांव के धर्मपरायण हरिहर प्रसाद ने पांच डिसमिल जमीन दान कर मंदिर निर्माण का रास्ता साफ किया. इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर धीरे-धीरे भव्य स्वरूप में तैयार हुआ.

मूर्तियों की जीवंतता करती है आकर्षित

मंदिर की सबसे खास बात यहां स्थापित देवी-देवताओं की आकर्षक और जीवंत प्रतिमाएं हैं. प्रसिद्ध मूर्तिकार भरत पंडित ने इन मूर्तियों को तैयार किया है. प्रतिमाओं की भाव-भंगिमा और कलात्मकता श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर देती है.

शिव और राम दरबार का अद्भुत संगम

मंदिर का 100 फीट ऊंचा गुंबद इसकी भव्यता को और खास बनाता है. परिसर में पश्चिम दिशा में भगवान शंकर का दरबार और पूर्व दिशा में राम दरबार स्थापित है. यहां भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की प्रतिमाएं विराजमान हैं. एक ही परिसर में शिव और राम दरबार का संगम श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभव देता है.

मन्नतों के लिए प्रसिद्ध हो रहा मंदिर

ग्रामीणों का विश्वास है कि मां वैष्णवी दुर्गा के दरबार में मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है. यही वजह है कि मंदिर में भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है. मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जल्द ही और विकास कार्य कराए जाएंगे.

Also Read: दिल्ली में PM मोदी से मिले विजय सिन्हा, भेंट की राम की मूर्ति, बिहार के मुद्दों पर हुई खास चर्चा

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन