ePaper

प्रेम-प्रसंग को ले युवक की फांसी लगाकर हत्या, लड़की के घर में पंखे से लटका युवक का मिला शव

Updated at : 27 Feb 2019 10:24 PM (IST)
विज्ञापन
प्रेम-प्रसंग को ले युवक की फांसी लगाकर हत्या, लड़की के घर में पंखे से लटका युवक का मिला शव

-बड़हिया थाना क्षेत्र के खुटहा गांव अतंर्गत चौहट्टा टोला की घटना-पुलिस ने लड़की के घर में पंखे से लटका युवक का शव किया बरामद-घटना के बाद खुटहा गांव में तनाव का माहौल-ग्रामीणों ने लड़की सहित मां को पकड़ किया पुलिस के हवाले-लड़के के पिता के बयान पर चार लोगों को नामजद बनाते हुए चार अज्ञात […]

विज्ञापन

-बड़हिया थाना क्षेत्र के खुटहा गांव अतंर्गत चौहट्टा टोला की घटना
-पुलिस ने लड़की के घर में पंखे से लटका युवक का शव किया बरामद
-घटना के बाद खुटहा गांव में तनाव का माहौल
-ग्रामीणों ने लड़की सहित मां को पकड़ किया पुलिस के हवाले
-लड़के के पिता के बयान पर चार लोगों को नामजद बनाते हुए चार अज्ञात लोगों पर भी दर्ज किया गया मामला
-परिजनों के अनुसार सुबह दस बजे दवा लाने की बात कह युवक निकला था घर से, साढ़े बारह बजे मौत की मिली खबर

लखीसराय : बिहार के लखीसराय में प्रेम-प्रसंग में बुधवार को एक 24 वर्षीय युवक को गले में फंदा लगाकर हत्या करने के बाद पंखे से लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. युवक का शव लड़की के घर में पंखे से लटके होने की जानकारी मिलने के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया. घटना को लेकर मृतक के पिता के द्वारा लड़की सहित लड़की की मां, पिता व भाई समेत चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए चार अज्ञात लोगों पर भी हत्या करने का मामला दर्ज कराया गया है.

हालांकि, पुलिस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या की बात कहे जाने पुष्टि होने की बात कह रही है. मिली जानकारी के अनुसार बड़हिया थाना अंतर्गत खुटहा गांव के चौहट्टा के पास साधु सिंह के घर के अंदर गांव के ही अजय सिंह के 24 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार का पंखे से लटकता शव मिलने की बात को लेकर गांव में बवाल मच गया. मृतक के परिजनों को इसकी सूचना मिलते ही गांव में मृतक व लड़की के परिजनों के बीच काफी तनाव की स्थिति बन गयी.

वहीं गांव वालों ने लड़की सपना कुमारी एवं उसकी मां नर्स कमला देवी को पकड़ लिया. वहीं घर के पुरुष सदस्य घटना के बाद फरार बताये जा रहे हैं. मृतक के परिजनों के अनुसार बुधवार को मृतक के पिता अजय सिंह अपने खेत पर गये हुए थे तथा उसके चाचा भी अपने काम पर गये हुए थे. पीछे में सुबह 10 बजे राहुल घर से दवा लाने की बात कह घर से निकला था.

परिजनों के अनुसार साधु सिंह के घर के पास एक दवा दुकान भी है, जहां वह दवा लाने के लिए गया हुआ था. उसके बाद परिजनों को दोपहर एक बजे के आसपास राहुल के साधु सिंह के घर में पंखे से लटके होने की सूचना मिली. वहीं घटना के बाद ग्रामीणों की सूचना पर पहले बड़हिया थाना की पुलिस व पीछे से एएसपी मनीष कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को शांत कराते हुए जहां शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेजा वहीं ग्रामीणों के द्वारा पकड़े गये साधु सिंह की पुत्री सपना एवं उनकी पत्नी नर्स कमला देवी को बड़हिया पुलिस अपने साथ थाना ले गयी.

ग्रामीण सूत्रों के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है. बुधवार को साधु सिंह के आवास पर राहुल आया, जहां लड़की से प्रेम प्रसंग की बात करते उसके घर वालों ने देख लिया, जिसे वे लोग बर्दास्त नहीं कर पाये और राहुल की गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद दोनों पक्षों में तनाव हो गया. यहां तक की बंदूकें तक निकल गयी. समय रहते पुलिस पहुंच गयी और मामला को शांत किया. हालांकि घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव इतना भयावह है कि अगर पुलिस सजग नहीं रही तो बड़ी घटना घट सकती है.

इस संबंध में एएसपी मनीष कुमार ने बताया कि चर्चाओं के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है. युवक का शव पंखे से लटकता हुआ लड़की के घर से बरामद किया गया है. घटना हत्या है या आत्महत्या यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कहा जा सकता है. एएसपी ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा चार लोगों साधु सिंह, उनकी पत्नी कमला देवी, पुत्री सपना कुमारी एवं पुत्र राजेश कुमार को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है तथा चार-पांच अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस सभी दृष्टिकोण से मामले की जांच में जुट गयी है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन