छह अभ्यर्थियों ने बिहार पुलिस कांस्टेबुल परीक्षा में हासिल की सफलता
परिणाम घोषित होते ही गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई. किसी घर में मिठाइयां बंटी तो कहीं ढोलक की थाप पर जश्न मनाया गया.
-गांव की गलियों से निकले होनहार अब बनेंगे बिहार पुलिस की ताकत, परिवारों में जश्न, इलाके में गर्व का माहौल ठाकुरगंज कहते हैं कि मेहनत जब जुनून बन जाए तो किस्मत भी सलाम करती है . ठाकुरगंज क्षेत्र के छह युवक-युवतियों ने अपने संघर्ष, धैर्य और अथक परिश्रम के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, जिसका सपना लाखों युवा देखते हैं. बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025 के अंतिम परिणाम में इन होनहारों ने सफलता हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे ठाकुरगंज क्षेत्र का मान बढ़ाया है.यह सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि बिहार पुलिस की इस बहाली में पूरे राज्य से 16 लाख 73 हजार 586 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किया गया था, जबकि बहाली मात्र 19 हजार 838 पदों पर होनी थी. लिखित परीक्षा से लेकर शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन तक हर चरण में कड़ी प्रतिस्पर्धा रही. ऐसे महासंग्राम में ठाकुरगंज के इन छह युवाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.सफलता हासिल करने वालों में पूजा कुमारी (मल्लाह पट्टी, ठाकुरगंज नगर पंचायत), अभिषेक (गोथरा, ठाकुरगंज नगर पंचायत), राहुल साह (अमलझाड़ी, दुधौटी पंचायत), हामिद रजा (भैंसलोटी, चुरली पंचायत), दीपा कुमारी (पिपरीथान, बेसरबाटी पंचायत) एवं हेमंती कुमारी (बैरागीझाड़, सखुआडाली पंचायत) शामिल हैं. परिणाम घोषित होते ही गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई. किसी घर में मिठाइयां बंटी तो कहीं ढोलक की थाप पर जश्न मनाया गया. माता-पिता की आंखों में गर्व और खुशी साफ दिखाई दे रही थी. ग्रामीण एक-दूसरे के घर पहुंचकर बधाई दे रहे थे. लोगों का कहना है कि इन बच्चों ने साबित कर दिया कि गांव की मिट्टी में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती.ग्रामीणों के अनुसार इन युवक-युवतियों ने कठिन परिस्थितियों में रहकर तैयारी की. किसी ने आर्थिक तंगी के बीच पढ़ाई जारी रखी तो किसी ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को टूटने नहीं दिया . दिन-रात की मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग ने आखिरकार इन्हें सफलता के उस मुकाम तक पहुंचा दिया, जहां पहुंचने का सपना लाखों युवा देखते हैं.सफल अभ्यर्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर मेहनत को दिया . उनका कहना है कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता जरूर मिलती है.इलाके के लोगों ने कहा कि यह सिर्फ छह युवाओं की सफलता नहीं, बल्कि पूरे ठाकुरगंज क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है . इनकी उपलब्धि आने वाले समय में हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी. अब गांव के बच्चे भी बड़े सपने देखने लगे हैं और उन्हें पूरा करने का हौसला जुटा रहे हैं. स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भी सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ठाकुरगंज की धरती लगातार प्रतिभाओं को जन्म दे रही है और यहां के युवा अब हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवधेश कुमार
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










