बकरीद पर पुलिस की सख्ती, कुर्बानी की तस्वीरें वायरल की तो होगी कानूनी कार्रवाई
कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, ऐसे लोगों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी.
ठाकुरगंज बकरीद पर्व को लेकर ठाकुरगंज थाना प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. मंगलवार को थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि सोशल मीडिया पर कुर्बानी की तस्वीरें या वीडियो वायरल करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बैठक में अधिकारियों ने पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की. थानाध्यक्ष मो मकसूद अशरफी ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, ऐसे लोगों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुर्बानी की तस्वीरें, भड़काऊ पोस्ट या आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा नहीं करें. ऐसा करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी. बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि कुर्बानी के अपशिष्ट को खुले स्थानों पर नहीं फेंका जाए. अपशिष्ट को गहरे गड्ढे में डालकर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित करने की बात कही गई. प्रशासन ने साफ किया कि पर्व के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी. अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. वहीं पर्व के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और लगातार गश्त चलाने की जानकारी भी दी गई. बैठक में मौजूद लोगों ने इस बात पर भी चिंता जताई कि नगर पंचायत का कोई भी जनप्रतिनिधि और न ही नगर पंचायत का कोई कर्मी बैठक में शामिल हुआ. लोगों का कहना था कि पर्व के दौरान साफ-सफाई, कचरा उठाव और अन्य व्यवस्थाओं में नगर पंचायत की अहम भूमिका रहती है, ऐसे में उनकी अनुपस्थिति कई सवाल खड़े करती है. शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि ठाकुरगंज की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए सभी समुदाय मिलजुल कर बकरीद मनाएंगे. मौके पर सीओ मृत्युंजय कुमार, एसआई नवनीत कुमार नमन, पूर्व मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल, राजद नेता मुस्ताक आलम, शिव कुमार यादव, किशन बाबू पासवान, सलीमुद्दीन, सईदुर रहमान, अमित राज यादव, शौकत अली, मो. निजामुद्दीन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवधेश कुमार
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










