एक वारंटी गिरफ्तार, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त
Updated at : 15 Feb 2026 9:19 PM (IST)
विज्ञापन

एक वारंटी गिरफ्तार, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त
विज्ञापन
एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष ने की कार्रवाई, खनन विभाग को दी गयी सूचना
पोठिया. किशनगंज जिला पुलिस कप्तान संतोष कुमार के कड़े निर्देश व एसडीपीओ-2 ठाकुरगंज मंगलेश कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में पोठिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एक ओर जहां लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को दबोचा है, वहीं दूसरी ओर अवैध बालू खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किया है. थानाध्यक्ष अंजय अमन के नेतृत्व में हुई इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने न्यायालय द्वारा निर्गत गैर-जमानती वारंट के आधार पर छापेमारी कर जाकिर (45 वर्ष), पिता-जहीर, साकिन-पोचाबस्ती को उसके घर से गिरफ्तार किया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित लंबे समय से कानून की नजरों से बच रहा था. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों का पालन प्राथमिकता है और वारंटियों के विरुद्ध धरपकड़ अभियान निरंतर जारी रहेगा. इसी क्रम में गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने खेकीबस्ती पुरन्दरपुर इलाके में अवैध रूप से बालू ले जा रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ा. चालक पुलिस को देख वाहन छोड़कर फरार होने में सफल रहा. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर लाया है और अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को सूचित कर दिया गया है. एसडीपीओ मंगलेश कुमार ने बताया कि थाना स्तर पर नियमित समीक्षा कर कार्रवाई की गति बढ़ाई गई है. एसपी संतोष कुमार की कड़ी निगरानी के कारण जिले में विधि व्यवस्था सुदृढ़ हुई है. थानाध्यक्ष अंजय अमन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध खनन और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




