गिलाबाड़ी एसएसबी कैंप में जवान ने सर्विस राइफल से गोली मारकर की आत्महत्या, प्रेम प्रसंग की आशंका

Updated:
विज्ञापन

फोटो- मृत जवान | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गिलाबाड़ी एसएसबी कैंप में एक जवान ने सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली. प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

विज्ञापन

ठाकुरगंज. जियापोखर थाना क्षेत्र स्थित गिलाबाड़ी एसएसबी की 19वीं बटालियन के शिविर में रविवार तड़के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद शिविर परिसर में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के दीघा थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय चैन मंडल के रूप में हुई है.

विज्ञापन

संतरी ड्यूटी के दौरान जवान ने खुद को मारी गोली

जानकारी के अनुसार चैन मंडल की रात 12 बजे से सुबह तीन बजे तक संतरी ड्यूटी थी. इसी दौरान उसने सरकारी इंसास राइफल से अपने सिर में गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनकर शिविर में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे. वहां जवान को खून से लथपथ पाया गया.

पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार, अंचल निरीक्षक पंकज पंथ और एसएसबी के उप महानिरीक्षक ए.के.सी. सिंह मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और शिविर में मौजूद जवानों से घटना के संबंध में पूछताछ की.

एफएसएल टीम ने की घटनास्थल की जांच

घटना के बाद विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी शिविर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने मौके से इंसास राइफल का एक खोखा बरामद किया है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जवानों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की पुलिस को आशंका

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया घटना के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला होने की आशंका है. हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.

शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया

पुलिस ने शव का मृत्यु समीक्षा प्रतिवेदन तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया. घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गयी है. पुलिस आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर करेगी.

एसपी बोले, प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला

एसपी संतोष कुमार ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत इंक्वेस्ट कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गयी है. उन्होंने कहा कि परिजनों से भी जानकारी ली जाएगी और यदि उनके द्वारा आवेदन दिया जाता है तो उसके आधार पर आगे की जांच करायी जाएगी. एसपी ने कहा कि फिलहाल प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और इसी बिंदु पर कार्रवाई की गयी है. आत्महत्या के कारणों को लेकर जांच जारी है.

Also Read: बिहार में चीनी मिल लगाने वालों को 1 रुपये में मिलेगी 40 एकड़ जमीन, सरकार देगी 70 करोड़ तक की सब्सिडी, जानें पूरा प्लान

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन