महाभारत के कीचक का महल या 2200 साल पुराना साम्राज्य? नेपाल के किचकबध की खुदाई ने बढ़ाई इतिहासकारों की बेचैनी

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 15 Jun 2026 11:14 AM

विज्ञापन

खुदाई में मिली प्रतिमा, खुदाई में मिले संरचना के अवशेष

Kishanganj News: महाभारत की कहानी से जुड़ा एक स्थल अब इतिहासकारों और पुरातत्वविदों के लिए पहेली बन गया है. किशनगंज सीमा से सटे नेपाल के किचकबध में 47 साल की खुदाई में राजमहल, सैन्य भवन और स्वस्तिक चिह्न वाली ईंटें मिली हैं. सवाल उठ रहा है कि क्या यह सचमुच कीचक का महल था या किसी प्राचीन साम्राज्य की राजधानी?

विज्ञापन

ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट.

Kishanganj News: भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के झापा जिले स्थित किचकबध क्षेत्र इन दिनों इतिहास, पुरातत्व और आस्था का अनोखा संगम बन गया है. वर्षों से महाभारत के कीचक वध की कथा से जुड़ा यह स्थान अब पुरातात्विक खोजों के कारण नई बहस के केंद्र में आ गया है. यहां मिले प्राचीन अवशेषों ने इतिहासकारों के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर यह स्थल महाभारतकालीन कीचक का महल था या फिर 2200 वर्ष पुरानी किसी विकसित राजकीय सभ्यता का केंद्र.

मिट्टी के नीचे मिली प्राचीन सत्ता की परतें

नेपाल के पुरातत्व विभाग द्वारा कराए जा रहे उत्खनन में अब तक पांच विशाल भवनों के अवशेष सामने आए हैं. उत्खनन का नेतृत्व कर रहे पुरातत्वविदों के अनुसार ये संरचनाएं किसी सामान्य बस्ती की नहीं, बल्कि एक संगठित राजकीय परिसर की प्रतीत होती हैं. कार्बन परीक्षण में इन अवशेषों की आयु लगभग 2200 से 2300 वर्ष पुरानी बताई गई है.

राजमहल और सैन्य ढांचे के मिले संकेत

खुदाई में बहुमंजिला भवन, सुरक्षा चौकियां, सैनिक आवास और प्रशासनिक संरचनाओं जैसे अवशेष मिले हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी सुनियोजित वास्तुकला किसी शक्तिशाली शासक और संगठित शासन व्यवस्था की ओर संकेत करती है. इससे यह संभावना भी मजबूत हुई है कि यह क्षेत्र किसी महत्वपूर्ण प्राचीन सत्ता का केंद्र रहा होगा.

स्वस्तिक चिह्न वाली ईंटों ने बढ़ाई जिज्ञासा

उत्खनन के दौरान स्वस्तिक चिह्न अंकित ईंटें, सात कक्षों वाले भवन, परकोटे, दुर्गनुमा संरचनाएं और कई अन्य पुरावशेष प्राप्त हुए हैं. विशेषज्ञ इन्हें शुंग और कुषाण काल की स्थापत्य परंपरा से जोड़कर देख रहे हैं. कुछ अवशेषों की बनावट लुम्बिनी क्षेत्र में मिले प्राचीन ढांचों से भी मेल खाती बताई जा रही है.

महाभारत की कथा से क्यों जुड़ता है किचकबध?

स्थानीय लोककथाओं के अनुसार विराट नरेश के सेनापति कीचक का निवास इसी क्षेत्र में था. मान्यता है कि अज्ञातवास के दौरान द्रौपदी के अपमान का बदला लेते हुए भीम ने यहीं कीचक का वध किया था. इसी वजह से इस स्थान का नाम किचकबध पड़ा. विराटनगर की निकटता भी इस मान्यता को बल देती है.

आस्था और इतिहास का अनोखा संगम

किचकबध केवल पुरातात्विक महत्व का स्थल नहीं है, बल्कि धार्मिक आस्था का भी बड़ा केंद्र है. माघी पूर्णिमा के अवसर पर यहां विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें नेपाल और भारत के सीमावर्ती इलाकों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं.

अभी बाकी है अंतिम सच

इतिहासकारों के बीच इस स्थल को लेकर मतभेद बने हुए हैं. कुछ विशेषज्ञ इसे महाभारतकालीन विराट राज्य से जोड़ते हैं, जबकि अन्य इसे किसी प्राचीन राजवंश के प्रशासनिक केंद्र के रूप में देखते हैं. नेपाल का पुरातत्व विभाग अब विदेशी विशेषज्ञों की मदद से व्यापक अध्ययन की तैयारी कर रहा है.

फिलहाल किचकबध का रहस्य बरकरार है. हर नई खुदाई के साथ इतिहास की एक नई परत सामने आ रही है, लेकिन यह सवाल अब भी अनुत्तरित है कि यहां महाभारत का इतिहास दफ्न है या किसी भूले-बिसरे साम्राज्य की कहानी.

Also Read: इसे भी पढ़ें:  ‘एक भाई जेल में, दूसरे की मौत’, प्रिंस यादव की मौत पर भड़के पप्पू यादव, बोले- हत्यारों पर तुरंत हो कार्रवाई

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन