कालाबाजारी की बड़ी साजिश नाकाम! किशनगंज में 4000 KG अवैध DAP खाद लदा पिकअप जब्त, चालक फरार
फोटो- डीएपी खाद
किशनगंज सदर थाना क्षेत्र से 4000 किलो अवैध डीएपी खाद से लदा पिकअप वाहन जब्त किया गया है. कृषि विभाग की टीम ने संदिग्ध वाहन को रोका, लेकिन चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया. कालाबाजारी या जमाखोरी की आशंका जताई जा रही है.
किशनगंज. सदर थाना क्षेत्र के लम्बा बस्ती चकला आदिवासी टोला के पास कृषि विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 80 बोरा डीएपी खाद से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है. प्रत्येक बोरे में 50 किलोग्राम खाद होने के कारण बरामद डीएपी की कुल मात्रा 4000 किलोग्राम बताई गई है. कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया.
आपके शहर में
कृषि विभाग की टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने का किया प्रयास
कृषि समन्वयक सह उर्वरक निरीक्षक नीरज कुमार की ओर से किशनगंज सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है. आवेदन के अनुसार जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर 31 अगस्त को पूर्वाह्न लम्बा बस्ती चकला आदिवासी टोला के पास निरीक्षण किया जा रहा था.
इसी दौरान चकला-महिनगांव रोड की ओर से काले रंग के तिरपाल से ढका सफेद रंग का महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन संदिग्ध स्थिति में आता दिखाई दिया. कृषि विभाग की टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया.
वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
टीम द्वारा वाहन रोकने का इशारा किए जाने के बाद चालक पिकअप वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद मामले की सूचना किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस की मौजूदगी में पिकअप वाहन की तलाशी ली गई.
तलाशी में मिला 4000 किलो डीएपी खाद
पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पिकअप वाहन से 80 बोरा डीएपी खाद बरामद किया गया. प्रत्येक बोरे का वजन 50 किलोग्राम बताया गया है. इस तरह वाहन में कुल 4000 किलोग्राम डीएपी खाद लदा हुआ था. निरीक्षण और कार्रवाई के दौरान खाद और उसके परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका.
कालाबाजारी या जमाखोरी की आशंका
कृषि विभाग ने आशंका जताई है कि बड़ी मात्रा में खाद को कालाबाजारी या जमाखोरी की नीयत से ले जाया जा रहा था. हालांकि मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही खाद के परिवहन के वास्तविक उद्देश्य का स्पष्ट पता चल सकेगा. कार्रवाई के बाद खाद लदे पिकअप वाहन को जब्त कर किशनगंज सदर थाना परिसर लाया गया. वाहन और खाद की जब्ती सूची भी तैयार की गई.
उर्वरक निरीक्षक ने प्राथमिकी के लिए दिया आवेदन
कृषि समन्वयक सह उर्वरक निरीक्षक नीरज कुमार की ओर से पूरे मामले में किशनगंज सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है. पुलिस फरार चालक और खाद के परिवहन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए