फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया
गिरफ्तार आरोपित | Prabhat Khabar Network
किशनगंज पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए फर्जी आधार कार्ड और जाली दस्तावेज बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना को पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले से गिरफ्तार किया है. इस गिरोह का नेटवर्क पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है.
किशनगंज : फर्जी आधार कार्ड और जाली दस्तावेज तैयार करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 112/26 में पुलिस ने गिरोह के मुख्य वांछित आरोपित को पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले से गिरफ्तार किया है. विशेष जांच दल ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर 18 सितंबर को रैना थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपित स्वप्नमय अधिकारी को गिरफ्तार किया.
किराना दुकान में छापेमारी के बाद हुआ था फर्जीवाड़े का खुलासा
पुलिस के अनुसार, इसी वर्ष 2 अप्रैल को किशनगंज के सीमावर्ती क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर आधार कार्ड बनाए जाने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र स्थित एक किराना दुकान में छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाए जाने का मामला सामने आया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और टेढ़ागाछ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी.
सॉफ्टवेयर और जैविक पहचान की नकल से बनाते थे फर्जी दस्तावेज
जांच के दौरान पुलिस को गिरोह द्वारा फर्जी आधार कार्ड और जाली प्रमाण पत्र तैयार करने के लिए सॉफ्टवेयर, आधार की जैविक पहचान की नकल समेत अन्य तकनीकों के इस्तेमाल की जानकारी मिली. पुलिस ने गिरोह से जुड़े लोगों और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए तकनीकी और मानवीय सूचना का सहारा लिया.
पश्चिम बंगाल से उत्तर प्रदेश तक फैला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है. गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात कही गयी है.
पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है. गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
गिरफ्तार स्वप्नमय अधिकारी को किशनगंज न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए