खगड़िया: पंचायत समिति सदस्य के पुत्र पर गोली चलाने का आरोप, ग्रामीणों ने हथियार व कारतूस के साथ युवक को दबोचकर पुलिस को सौंपा

Updated:
विज्ञापन

ग्रामीणो के कब्जे से आरोपी के हथियार समेत गिरफ्तार कर आवश्यक कारवाई में जुटी पुलिस। | Prabhat Khabar Network

खगड़िया के बेलदौर में पंचायत समिति सदस्य के बेटे मोहम्मद शमशेर आलम पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें वे बाल-बाल बच गए. घटना के बाद धमकी देने पहुंचे हमलावर के भाई को ग्रामीणों ने अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

विज्ञापन

खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिघौन पंचायत में पंचायत समिति सदस्य (पंसस) मोहम्मद मंसूर आलम के बड़े पुत्र मोहम्मद शमशेर आलम पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घात लगाकर किए गए इस हमले में गोली मिसफायर होने से पीड़ित बाल-बाल बच गए. घटना के कुछ देर बाद घर पर आकर धमकी दे रहे हमलावर के भाई को ग्रामीणों ने अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और एक बिंडोलिया बरामद कर उसे जेल भेज दिया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

दोस्ती की रंजिश में रास्ते में घेरकर चलाई गोली

घटना दिघौन पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित बड़ी तरौना की बताई जा रही है. पीड़ित शमशेर आलम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वार्ड संख्या 10 सोंडिहा बासा निवासी ध्रुव यादव से उनकी अच्छी मित्रता है. वहीं, मुन्ना यादव (पिता नक्षत्र यादव) की ध्रुव यादव से पुरानी रंजिश चल रही है, जिसके चलते मुन्ना यादव शमशेर आलम से भी खार खाए हुए था. आरोप है कि जब शमशेर आलम मोटरसाइकिल से अकेले अपने घर लौट रहे थे, तभी मनीजरा के खेत के पास पहले से घात लगाए बैठे मुन्ना यादव ने उन पर जान मारने की नीयत से गोली चला दी. संयोगवश गोली मिसफायर हो गई. इसी दौरान पीड़ित का पुत्र भी मौके पर पहुंच गया, जिससे घबराकर आरोपी वहां से भाग निकला. भागने की जल्दबाजी में आरोपी की चप्पल और मोबाइल घटनास्थल पर ही छूट गए.

घर पहुंचकर दी गाली-गलौज व धमकी, ग्रामीणों ने दबोचा

वारदात के कुछ ही देर बाद तनाव उस वक्त और बढ़ गया, जब मुन्ना यादव के पिता नक्षत्र यादव और उसका छोटा भाई सेमी यादव शमशेर आलम के घर पर आ धमके. दोनों ने घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देना शुरू कर दिया. शोर-शराबा सुनकर आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और उन्होंने घेराबंदी कर सेमी यादव को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका पिता नक्षत्र यादव भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा.

देशी कट्टा, जिंदा कारतूस व बिंडोलिया बरामद

ग्रामीणों ने जब पकड़े गए सेमी यादव की तलाशी ली, तो उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और एक बिंडोलिया बरामद हुआ. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना बेलदौर थाना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बरामद हथियार, जिंदा कारतूस, बिंडोलिया तथा घटनास्थल से मिले मोबाइल को विधिवत जब्त करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया.

प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में

बेलदौर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में लिया गया था. थानाध्यक्ष ने पुष्टि की कि ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए अवैध देशी कट्टे और कारतूस को जब्त कर लिया गया है. पीड़ित के बयान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार आरोपी सेमी यादव को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.


विज्ञापन
Amit Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Amit Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन