खगड़िया: मानसी के कृषि यंत्र बैंक का उप निदेशक ने किया औचक निरीक्षण, कार्य प्रबंधन से संतुष्ट दिखे अधिकारी
निरीक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
मानसी प्रखंड के छोटी बलहा स्थित प्रगतिशील कृषक हितार्थ समूह के कृषि यंत्र बैंक का उप निदेशक (यांत्रिकीकरण) मुरारी कुमार ने औचक निरीक्षण किया. अधिकारियों ने समूह के बेहतर कार्य प्रबंधन और यंत्रों के रखरखाव पर संतोष व्यक्त किया.
खगड़िया जिले के मानसी प्रखंड अंतर्गत छोटी बलहा स्थित प्रगतिशील कृषक हितार्थ समूह के कार्यालय में गुरुवार को कृषि उप निदेशक (यांत्रिकीकरण) मुरारी कुमार ने कृषि यंत्र बैंक का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उप निदेशक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने समूह के सचिव संतोष कुमार के साथ ट्रैक्टर, सीडर, थ्रेसर सहित पांच प्रमुख कृषि यंत्रों की कार्यप्रणाली और भौतिक स्थिति का गहन जायजा लिया. अधिकारियों ने समूह के बेहतर कार्य प्रबंधन और यंत्रों के रखरखाव पर संतोष व्यक्त किया.
आपके शहर में
सचिव ने दी कृषि यंत्रों के संचालन की विस्तृत जानकारी
निरीक्षण के दौरान प्रगतिशील कृषक हितार्थ समूह के सचिव संतोष कुमार ने अधिकारियों को सभी कृषि यंत्रों की वर्तमान स्थिति, उनके रख-रखाव और किसानों द्वारा उनके संचालन से जुड़ी पूरी जानकारी साझा की. अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ट्रैक्टर, सीडर, थ्रेसर सहित कुल पांच कृषि उपकरणों की तकनीकी स्थिति का मुआयना किया. कृषि उप निदेशक ने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि समूह द्वारा यंत्रों का समुचित उपयोग किसानों के हित में पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है.
2024 में अनुदानित दर पर मिले थे यंत्र: अध्यक्ष
समूह के अध्यक्ष शशि मोहन प्रभाकर ने बताया कि वर्ष 2024 में कृषि विभाग, खगड़िया द्वारा समूह को अनुदानित दर पर ये आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए थे. उन्होंने बताया कि यंत्रों के आवंटन के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा कृषि यंत्र बैंक का यह पहला औपचारिक निरीक्षण था. अधिकारियों के निरीक्षण से समूह के सदस्यों का उत्साह बढ़ा है और उन्होंने किसानों को कम लागत पर आधुनिक कृषि सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया.
मौके पर मौजूद रहे कई अधिकारी और किसान
इस औचक निरीक्षण के दौरान कृषि और उद्यान विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी तथा स्थानीय किसान उपस्थित रहे. मौके पर मुख्य रूप से जिला उद्यान पदाधिकारी अभय कुमार मंडल, जिला कृषि विपणन पदाधिकारी चितरंजन चौधरी, समूह के कोषाध्यक्ष राजेश महतो, सदस्य गिरिवर नारायण चौधरी, मुकेश सिंह, अजय कुमार और रामजी सिंह सहित दर्जनों प्रगतिशील किसान मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर सिंह
राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए