खगड़िया: मजदूरी मांगने पर ठेकेदार से हुआ था विवाद, दिल्ली से संदिग्ध परिस्थितियों में युवक लापता
पति के गुमसुदगी से मायुस पत्नी एवं बच्चे। | Prabhat Khabar Network
9 अगस्त से दिल्ली से लापता हुए खगड़िया के युवक मालिक सिंह का 11 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है. मजदूरी के विवाद के बाद वह अपने साढू के घर दिल्ली आया था. परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही है.
खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला नोवाद के मुरासी गांव निवासी स्वर्गीय बमभोली सिंह का 29 वर्षीय पुत्र मालिक सिंह बीते 9 अगस्त से दिल्ली से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है. घटना के 11 दिन से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है. पति के अचानक गायब हो जाने से पत्नी मीरा देवी और उनके मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं.
आपके शहर में
मजदूरी के विवाद के बाद साढू के घर पहुंचा था युवक
लापता युवक की पत्नी मीरा देवी ने बताया कि उनके पति मालिक सिंह पिछले करीब दो माह से पंजाब में लक्ष्मण सिंह नामक ठेकेदार के अधीन टावर निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे. आरोप है कि जब उन्होंने अपनी गाढ़ी मेहनत की मजदूरी मांगी, तो ठेकेदार ने भुगतान करने से साफ इनकार कर दिया और विवाद खड़ा हो गया. ठेकेदार के इस रवैये से आहत होकर मालिक सिंह काम छोड़कर पंजाब से दिल्ली स्थित अपने साढू के घर चले आए थे.
9 अगस्त से अचानक गायब, तलाश में भटक रहे परिजन
परिजनों के अनुसार, दिल्ली पहुंचने के बाद बीते 9 अगस्त को मालिक सिंह अचानक कहीं लापता हो गए. काफी देर तक संपर्क न होने पर परिजनों ने दिल्ली में रहने वाले अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर उनकी संभावित जगहों पर सघन तलाश शुरू की. लेकिन कई दिनों तक दिल्ली के विभिन्न इलाकों में खोजबीन करने के बावजूद उनका कोई अता-पता नहीं चल सका है. 11 दिन बीत जाने के बाद भी कोई खबर न मिलने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है.
पत्नी ने थानाध्यक्ष से लगाई सकुशल बरामदगी की गुहार
परिवार की आजीविका चलाने वाले एकमात्र कमाऊ सदस्य के लापता होने से घर में भुखमरी और अनहोनी का डर सता रहा है. पीड़िता मीरा देवी ने अपने स्तर से खोजबीन के बाद अब बेलदौर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अपने पति की सकुशल बरामदगी की भावुक गुहार लगाई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए