मामूली विवाद में भाई ने भाई की कुल्हाड़ी से काटकर शव को नदी में फेंका, पिता सहित आठ गिरफ्तार
Published by : RAJKISHORE SINGH Updated At : 17 May 2026 8:53 PM
हत्या में उपयोग किए गए कुल्हाड़ी बरामद
– बीते 15 मई को हत्या कर शव बागमती नदी में फेंका, हत्या में उपयोग किए गए कुल्हाड़ी बरामद
चौथम. थाना क्षेत्र के भूतौली मालपा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. भाई ने भाई की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया. हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल पिता सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जाता है कि भूतौली मालपा गांव निवासी मंटू प्रसाद चौरसिया के पुत्र सुदर्शन कुमार उर्फ गोलू की भाई के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. छोटे भाई ने बदले की भावना से बड़े भाई सुदर्शन की हत्या कर दी. बताया जाता है कि छोटे भाई हत्यारोपित सौरभ कुमार ने कुल्हाड़ी से अपने भाई पर बीते शुक्रवार की रात हमला कर दिया था. घायल अवस्था में पिता के सहयोग से सौरभ ने सुदर्शन को इलाज के लिए गांव के झोलाछाप डॉक्टर के यहां दिखाया. डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. उसके बाद पिता व पुत्र सहित अन्य सदस्यों ने शव को बागमती नदी में फेंक दिया. हालांकि गांव में युवक के अचानक लापता होने और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी. बताया जाता है कि शुक्रवार की रात में सुदर्शन उर्फ गोलू छत पर सोया हुआ था. इसी दौरान छोटा भाई कुल्हाड़ी लेकर छत पर गया और बड़ा भाई पर ताबड़तोड़ प्रहार करने लगा. सिर्फ सिर और माथा पर कई वार किया गया है. इसी क्रम में युवक की मौत हो गयी. इसी आरोप में दो ग्रामीण डॉक्टर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इसी बीच किसी ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने जब परिवार के लोगों और ग्रामीणों से पूछताछ की तो मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ. पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगा. पुलिस ने मृतक के पिता मंटू प्रसाद चौरसिया समेत कुल आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान मिली निशानदेही पर पुलिस ने बागमती नदी में तलाश अभियान चलाया. जहां से युवक का शव बरामद कर लिया गया. शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. फोरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल और आसपास के इलाकों से साक्ष्य जुटाया गया. ताकि हत्या से जुड़े हर पहलू की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा सके.
मृतक के मां के आवेदन पर प्राथमिकी
हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश या अन्य किसी कारण की भी पड़ताल की जा रही है. ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं कि आखिर एक भाई अपने ही भाई की इतनी बेरहमी से हत्या कैसे कर सकता है. वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. इधर, हत्या मामले में पुलिस ने मृतक के पिता सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में मृतक की मां के आवेदन पर थाना में केस दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का पिता राकेश कुमार रंजन उर्फ मंटून चौरसिया, मृतक का चाचा माधव कुमार, चचेरा भाई अमन कुमार सहित शंभू कुमार, वकील प्रसाद, राजीव कुमार रौशन उर्फ रामाकांत, देवानंद कुमार एवं धर्मेश कुमार शामिल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










