खगड़िया के बलुवाही में शराब से भरी कार में आग के बाद अलौली पुलिस का एक्शन, 20 लीटर देसी शराब के साथ कारोबारी गिरफ्तार

सांकेतिक तस्वीर
Khagaria News: खगड़िया में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का एक्शन तेज हो गया है. बलुवाही में कार में आग लगने की घटना के बाद अलौली पुलिस ने 20 लीटर देसी शराब और एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर हुई है.
Khagaria News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. खगड़िया जिले में हाल ही में बलुवाही पेट्रोल पंप के पास शराब से लदी कार में आग लगने की घटना के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी बीच अलौली थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लीटर देसी शराब बरामद की है. पुलिस ने मौके से एक कथित शराब कारोबारी को भी गिरफ्तार किया है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस शराब तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
बलुवाही में शराब से भरी कार में आग लगने की घटना ने पहले ही जिले में अवैध शराब कारोबार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए थे. अब अलौली पुलिस की इस कार्रवाई को उसी कड़ी में अहम माना जा रहा है.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
अलौली थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फूलतोड़ा गांव निवासी बिरजू कुमार अवैध शराब के कारोबार में शामिल है.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान घर से 20 लीटर देसी शराब बरामद की गई. मौके पर मौजूद बिरजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फूलतोड़ा गांव निवासी लखन मुखिया के पुत्र बिरजू कुमार के रूप में हुई है.
दर्ज हुआ मामला, आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस ने इस मामले में अलौली थाना कांड संख्या 312/26 दर्ज किया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं.
बलुवाही कार आगकांड के बाद बढ़ी निगरानी
कुछ दिन पहले खगड़िया शहर के बलुवाही पेट्रोल पंप के पास शराब से लदी एक कार में अचानक आग लग गई थी. शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि शॉर्ट सर्किट के कारण कार में आग लगी.
आग लगते ही कार में मौजूद लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए थे. बाद में जांच में पता चला कि कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लदी थी. इस मामले में भी पुलिस कार के मालिक और फरार शराब कारोबारियों की तलाश कर रही है.
Khagaria News: शराब तस्करों पर लगातार कार्रवाई
बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बाद पुलिस लगातार अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है. खगड़िया पुलिस का कहना है कि जिले में ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
Also Read: हिरासत में लिए गए माले विधायक संदीप सौरभ, 25 जुलाई को बिहार बंद से पहले एक्शन में पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










