शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 50 शिक्षकों को जिला प्रशासन ने किया सम्मानित
सभाकक्ष में सम्मान समारोह का उदघाटन करते डीएम. | Prabhat Khabar Network
खगड़िया में शिक्षक दिवस पर 50 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया. 'स्नेह समिति' के गठन और 'पढ़ते खगड़िया' पहल के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया गया.
खगड़िया. शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में शिक्षा जगत में उत्कृष्ट योगदान वाले 50 शिक्षकों को जिला प्रशासन ने सम्मानित किया. डीएम विक्रम विरकर की अध्यक्षता में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान देने वाले 48 शिक्षक/प्रधानाध्यापक व 2 शारीरिक शिक्षकों सहित कुल 50 शिक्षकों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया.
आपके शहर में
पहली बार मातृशक्ति सहभागिता के तहत ‘स्नेह समिति’ का गठन
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिले में पहली बार मातृशक्ति सहभागिता के तहत ‘स्नेह समिति’ का गठन किया गया है. इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों एवं शिक्षा व्यवस्था में मातृशक्ति की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना तथा बच्चों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भागीदारी को बढ़ावा देना है. समारोह में शिक्षकों के समर्पण, अनुशासन, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास में उनके योगदान की सराहना की गई. डीएम ने सम्मानित सभी शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में शिक्षकों का योगदान महत्वपूर्ण
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है. डीएम ने शिक्षकों से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं सीखने की जिज्ञासा विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुरूप शिक्षण व्यवस्था में नवाचार एवं डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग भी आवश्यक है.
‘पढ़तै खगड़िया’ के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया बल
जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए संचालित विभिन्न पहलों पर भी प्रकाश डाला गया. ‘पढ़ते खगड़िया’ के तहत डिजिटल लर्निंग, मातृशक्ति सहभागिता, टीएआरएल, डिजिटल असिस्टेंस, स्वैच्छिक बाल भागीदारी तथा डिजिटल/कोडिंग स्किल्स जैसी पहलों के माध्यम से विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने पर बल दिया गया. वहीं पढ़तै मित्र के माध्यम से बच्चों के सीखने के स्तर का नियमित आकलन एवं उनकी शैक्षणिक प्रगति की निगरानी करने की पहल की जा रही है. समारोह के दौरान सम्मानित शिक्षकों ने जिला प्रशासन द्वारा उनके कार्यों की सराहना एवं सम्मान किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में अपना योगदान जारी रखने की प्रतिबद्धता जतायी.
शिक्षकों को किया गया सम्मानित
जिला स्तरीय सम्मान समारोह में प्राथमिक विद्यालय जयंती ग्राम औता के प्रधान शिक्षक अविनाश कुमार, प्राथमिक विद्यालय राहुल नगर की प्रधानाध्यापिका विनिता बिन्नी, प्राथमिक मकतब मानसी बलहा के प्रधान शिक्षक मुकेश कुमार, शारीरिक शिक्षक राजकुमार सिंह को सम्मानित किया गया. इधर, नगर पालिका रोड स्थित पुष्पा आर्ट सेंटर में हर्षोल्लास के साथ शिक्षक दिवस मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रशिक्षिका अनुराधा गुप्ता द्वारा सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गयी. मौके पर साक्षी राज, राग, खुशी, वैष्णवी राज, कनक दलाल, गुरप्रीत, गुरलीन, दिशा, चेष्टा श्री, स्मृति कुमारी, वैष्णवी कुमारी, आकृति राज, आयुषी कुमारी, आर्या, अमित तथा ब्यूटी कुमारी सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए