झोलाछाप डॉक्टर पर केस दर्ज, तीन मेडिकल दुकानें की गईं सील
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 16 May 2026 3:31 PM
दुकान सील करते पदाधिकारी
खगड़िया के गोगरी बाजार में एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा गलत इंजेक्शन दिए जाने से 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई. प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीन मेडिकल दुकानों को सील कर दिया है और दो आरोपियों को हिरासत में लिया है.
गोगरी (खगड़िया) से रणवीर झा की रिपोर्ट. गोगरी थाना क्षेत्र के गोगरी बाजार में बीते शुक्रवार की देर रात एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन (सूई) दिए जाने के बाद एक बच्चे की तड़पकर मौत हो गई. इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतक बच्चे की मां के आवेदन पर झोलाछाप डॉक्टर और उसके रिश्तेदारों सहित तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
घटना के बाद गोगरी बीडीओ रघुनन्दन आनंद, गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और थानाध्यक्ष अरबिंद कुमार ने मौके पर पहुंचकर गोगरी एसडीओ संजय कुमार और डीएसपी साक्षी कुमारी के निर्देश पर गोगरी बाजार की तीन मेडिकल दुकानों को सील कर दिया है.
दांत दर्द के बाद डॉक्टर ने लगाया था इंजेक्शन
मिली जानकारी के अनुसार, गोगरी कुंडी (वार्ड संख्या 1) निवासी सिंटू यादव के 7 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार उर्फ छोटू के दांत में शुक्रवार की देर रात अचानक तेज दर्द होने लगा था. दर्द से तड़पते बच्चे को उसकी मां सैम्पू देवी और मामी गुड़िया देवी इलाज के लिए गोगरी बाजार निवासी मोहम्मद बारीक के पुत्र अफरोज आलम, नौशाद और निसार नामक झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिक पर ले गईं.
परिजनों का आरोप है कि वहां तैनात कथित चिकित्सक ने बच्चे को एक इंजेक्शन लगाया. इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद बालक के मुंह से झाग आने लगा और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई. परिजनों ने साफ तौर पर गलत इंजेक्शन देने और घोर लापरवाही बरतने के कारण बच्चे की जान जाने का आरोप लगाया है.
दो नामजद आरोपी पुलिस कस्टडी में
इस संबंध में गोगरी थानाध्यक्ष अरबिंद कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर गोगरी थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मामले की पूरी जांच के बाद वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










