बेलदौर में छत पर सो रहे 23 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, सुबह खून से लथपथ मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस. | Prabhat Khabar Network
बेलदौर थाना क्षेत्र के सकरोहर गांव में एक 23 वर्षीय युवक की देर रात उसके घर की छत पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. सुबह शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
बेलदौर थाना क्षेत्र के सकरोहर गांव में बुधवार देर रात अपराधियों ने 23 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. गुरुवार सुबह युवक का शव उसके घर की छत पर खून से लथपथ मिला. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गयी. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
खाना खाने के बाद छत पर सोने गया था ज्योतिष
मृतक की पहचान सकरोहर पंचायत के वार्ड नंबर 11 स्थित राम टोला निवासी दुखभंजन राम के 23 वर्षीय पुत्र ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद ज्योतिष घर की छत पर सोने चला गया था. गुरुवार सुबह उसकी मां बुचिया देवी उसे जगाने के लिए छत पर पहुंचीं. वहां बेटे को खून से लथपथ देखकर उनके होश उड़ गये. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी.
बहन ने सुनी गोली की आवाज, भाई को सोया समझ लौट गयी
मृतक के बड़े भाई नीतीश कुमार ने बताया कि उनके पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं. ज्योतिष भी मकान निर्माण कार्य में मजदूरी करता था. परिजनों के मुताबिक, घटना के दौरान ज्योतिष की बड़ी बहन लक्ष्मी ने गोली चलने की आवाज सुनी थी. वह छत पर गयीं, लेकिन भाई को सोया हुआ समझकर वापस नीचे चली गयीं. छोटी बहन पूजा ने बताया कि रात करीब आठ बजे उसकी ज्योतिष से फोन पर बातचीत भी हुई थी.
पड़ोसी ने भी देर रात गोली चलने की आवाज सुनी
रिश्ते में चाची और पड़ोसी सुनीता देवी ने भी देर रात गोली चलने की आवाज सुनने की बात कही है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि अज्ञात अपराधी पड़ोसी बेचन राम के सुनसान घर के छज्जे के सहारे ज्योतिष के घर की छत पर पहुंचे और गोली मारकर फरार हो गये.
दिनभर एक युवक के साथ था ज्योतिष
मृतक की मां बुचिया देवी ने पुलिस को बताया कि बुधवार को ज्योतिष दिनभर विलास राम के पुत्र सिंटू के साथ था. उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि सिंटू ने ज्योतिष को शराब पिलायी थी. पुलिस इस जानकारी को भी जांच का एक बिंदु मानकर आगे बढ़ रही है. हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों की पहचान को लेकर पुलिस कई पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
पुलिस ने शुरू की छानबीन, जल्द सुराग मिलने की उम्मीद
घटना की सूचना मिलते ही बेलदौर थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, एसआई अभिषेक कुमार और एसआई विकास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस हत्या के कारण, घटनास्थल तक अपराधियों के पहुंचने के तरीके और संदिग्ध लोगों की भूमिका समेत विभिन्न बिंदुओं की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए