चचेरे भाई की शादी में शामिल होने बुलेट से निकले दो युवकों की मौत से मचा कोहराम

चचेरे भाई की शादी में शामिल होने बुलेट से निकले दो युवकों की मौत से मचा कोहराम
समेली समेली प्रखंड के कुरसेला थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे-77 पर डुमरिया चौक के समीप बुधवार की देर रात्रि हुए भीषण सड़क हादसे में आपस में ममेरे-फुफेरे भाई तीन युवकों में से दो युवकों की घटना स्थल पर मौत हो गयी. जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया. तीनों युवक अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए एक ही बुलेट बाइक से पोठिया से कुरसेला जा रहे थे. एसएच-77 डुमरिया चौक के पास विपरीत दिशा से आ रही अज्ञात हाईवा ट्रक ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर-दूर जा गिरे. हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया. हादसे में पोठिया फौजी चौक वार्ड-14 निवासी प्रशांत कुमार (26), पिता अरविंद कुमार यादव, उदय नारायण यादव (27), पिता हिटलर यादव की मौके पर ही मौत हो गयी. राहुल कुमार (30), पिता ज्योतिष यादव गंभीर रूप से घायल हो गये. राहुल, मृतक उदय नारायण यादव का चचेरा भाई है. जबकि तीनों युवक ममेरे-फुफेरे रिश्ते में आपस में जुड़े थे. घायल राहुल का इलाज पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. मृतक प्रशांत कुमार अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था. बड़े भाई प्रीतम कुमार, बहन खुशबू कुमारी और किसान पिता अरविंद कुमार यादव पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बताया गया कि हादसे के समय बुलेट बाइक प्रशांत स्वयं चला रहा था. वहीं उदय नारायण यादव चार बहनों रेशम, ब्यूटी, शबनम और छोटी का इकलौता भाई था. वह माता रेखा देवी और पिता हिटलर यादव का एकमात्र सहारा था. उनके पिता वर्तमान में पंचायत समिति सदस्य हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर होते किसी ने नहीं देखा. शादी-ब्याह के माहौल में गुजर रहे राहगीरों ने तीनों युवकों को बीच सड़क पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा और परिजनों को सूचना दी. आनन-फानन में पहुंचे लोगों ने घायल राहुल को पहले स्वास्थ्य केंद्र फलका पहुंचाया. फिर बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया. सूचना मिलते ही कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. कागजी कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचे, शादी की खुशियां मातम में बदल गयी. परिजनों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गमगीन हो उठा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




