भारी वाहनों की रोजाना आवाजाही के बीच गहरे गड्ढों में तब्दील सड़क

भारी वाहनों की रोजाना आवाजाही के बीच गहरे गड्ढों में तब्दील सड़क
कोढ़ा प्रखंड मुख्यालय से अनाज गोदाम तक जाने वाला मुख्य सड़क मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. जिससे न केवल आम लोगों बल्कि खाद्य आपूर्ति व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और वाहन चालकों में भी चिंता का माहौल है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. जिससे भारी वाहनों का परिचालन जोखिम भरा हो गया है. यह सड़क प्रखंड की खाद्य आपूर्ति व्यवस्था की जीवनरेखा मानी जाती है. लेकिन इसकी बदहाल स्थिति प्रशासनिक उदासीनता की कहानी बयां कर रही है. स्थानीय बुद्धिजीवी ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन 10 चक्का ट्रक, ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहन अनाज की लोडिंग और अनलोडिंग के लिए गोदाम तक पहुंचते हैं. सड़क की हालत इतनी खराब है कि वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है. कई जगह सड़क पूरी तरह धंस चुकी है. जबकि कई हिस्सों में गहरे गड्ढे बन गए हैं. जिससे भारी वाहन असंतुलित हो सकते हैं और कभी भी पलटकर बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं. अनाज गोदाम की एजीएम रत्ना कुमारी ने भी सड़क की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. प्रखंड मुख्यालय से गोदाम तक पहुंचने वाला सड़क मार्ग बिल्कुल उपयोगी नहीं रह गया है. उन्होंने कहा, यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं. इस मार्ग से अनाज को गोदाम तक पहुंचाने और वहां से जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों तक भेजने में काफी कठिनाई हो रही है. कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है. जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है. सड़क खाद्य आपूर्ति व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसी मार्ग से अनाज गोदाम से उठाकर जन वितरण प्रणाली के दुकानों तक पहुंचाया जाता है. सड़क की खराब स्थिति के कारण अनाज के परिवहन में भी परेशानी हो रही है. समय पर आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है. लोगों ने कहा, नगर पंचायत प्रशासन को इस समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. सड़क की मरम्मत नहीं होने से न केवल दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है. बल्कि आमलोगों और कर्मचारियों को भी रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण वाहनों का चलना लगभग असंभव हो जाता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




