पहल: सरकारी विद्यालय की चौथी से छठी कक्षा के छात्रों के लिए विशेष अभियान शुरू

पहल: सरकारी विद्यालय की चौथी से छठी कक्षा के छात्रों के लिए विशेष अभियान शुरू
– बुनियादी साक्षरता व संख्याज्ञान में बनाये जायेंगे दक्ष- चार चरणों मे पूरा होगा अभियान कटिहार जिले के करीब दो हजार प्रारंभिक विद्यालयों के चौथी से छठी कक्षा के अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं की बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान में दक्ष बनाने के लिए बुधवार से विशेष अभियान शुरू की गयी है. हालांकि शिक्षा विभाग के दिशानिर्देश के आलोक में यह विशेष अभियान चार चरणों मे पूरी की जायेगी. बुधवार से शुरू हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में पहला चरण मई तक पूरी की जायेगी. जबकि दूसरा चरण जून की ग्रीष्मकालीन अवकाश में चलायी जायेगी. तीसरा चरण जुलाई-सितंबर में और चौथा चरण अक्तूबर से मार्च 2027 तक चलाया जायेगा. इस अभियान के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर शिक्षा विभाग ने जिला पदाधिकारी, डीईओ, डीपीओ (समग्र शिक्षा) को आवश्यक निर्देश दिया है. शिक्षा विभाग की ओर से जारी दिशानिर्देश के अनुसार पहले चरण में कक्षा परिवर्तन के समय भाषा और गणित की सरल, रोचक एवं गतिविधि आधारित शिक्षण गतिविधियां चलायी जायेगी. हर दिन पहली घंटी भाषा एवं दूसरी घंटी गणित की होगी. चौथी, पांचवीं एवं छठी कक्षा के बच्चों का भाषा एवं गणित में बेसलाइन मूल्यांकन प्रपत्र के माध्यम से होगा. इसके लिए विद्यालय स्तर पर दो शिक्षकों को नामित कर उन्हें कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी जायेगी. इसके लिए शिक्षकों का उन्मुखीकरण भी होगा. अंतिम चरण के बाद बनेगा शैक्षणिक योजना विभागीय दिशानिर्देश के अनुसार दूसरे चरण में स्वयंसेवकों एवं समुदाय की सहभागिता से गतिविधि आधारित शिक्षण कार्य आयोजित की जायेगी. पांचवीं एवं छठी कक्षा के छात्र-छात्राओं का समुदाय आधारित समर कैंप चलाया जायेगा. तीसरा चरण में चौथी से छठी कक्षा के छात्र-छात्राओं के वर्तमान सीखने के स्तर के अनुसार उनका समूह बना कर टीचिंग एट द राइट लेवेल पद्धति से शिक्षण कार्य चलाया जायेगा. प्रतिदिन भाषा एवं गणित के लिए समय निर्धारित होगी. संबंधित शिक्षको को प्रशिक्षण दिया जायेगा. उन्हें सतत शैक्षणिक सहयोग दिया जायेगा. अंतिम व चौथे चरण में पहले चरण से लेकर तीसरे चरण की प्रगति की संपूर्णता में समीक्षा कर सीखने के परिणामों के आधार पर आगे की शैक्षणिक योजना बनाया जायेगा. स्थानीय संबंधित अधिकारियों को दिया गया निर्देश विभागीय निर्देश के आलोक में सुधारात्मक शिक्षण की व्यवस्था होगी. इसके लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किये जायेंगे. स्कूल कॉम्पलेक्स स्तर पर रिसोर्स पर्सन की पहचान कर उन्हें नामित किया जायेगा. सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, नोडल अफसरों एवं प्रधानाध्यापकों का उन्मुखीकरण किया जायेगा. चौथी, पांचवीं एवं छठी कक्षा के ऐसे शिक्षकों की पहचान होगी, जो लक्षित बच्चों की विशेष कक्षाएं लेंगे. विभागीय दिशानिर्देश के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी व विद्यालय प्रधान को अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




