पांच साल में ही ई-कृषि भवन के दरवाजे जर्जर, चार कमरे हुए दरवाजा विहीन

Updated:
विज्ञापन
दरवाजा विहीन कार्यालय का कमरा | Prabhat Khabar Network

दरवाजा विहीन कार्यालय का कमरा | Prabhat Khabar Network

कुरसेला के ई-कृषि भवन की निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। महज पांच साल में ही भवन के कई दरवाजे टूट गए हैं, जबकि चार कमरे पूरी तरह से दरवाजा विहीन हो गए हैं। इससे महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों और किसानों के दस्तावेजों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।

विज्ञापन

कटिहार : कुरसेला प्रखंड के रामपुर ग्वाल टोली गांव के समीप बने ई-कृषि भवन की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. करीब पांच वर्ष पहले बने इस भवन के कई कमरों के प्लाईवुड के दरवाजे टूटकर खराब हो चुके हैं, जबकि चार कमरे पूरी तरह दरवाजा विहीन हो गए हैं. इससे कार्यालय में रखे सरकारी अभिलेख और अन्य सामान असुरक्षित हो गए हैं.

पांच साल में ही खुल गई निर्माण की पोल

जानकारी के अनुसार, भवन निर्माण के समय कमरों में प्लाईवुड के नए दरवाजे लगाए गए थे. शुरुआती दिनों में दरवाजे मजबूत और आकर्षक दिखते थे, लेकिन कुछ ही वर्षों में वे जर्जर होने लगे. विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर खराब हो चुके दरवाजों को हटाना पड़ा. वहीं, अन्य कमरों में लगे दरवाजों की स्थिति भी लगातार खराब होती जा रही है.

कागजात और सरकारी सामान असुरक्षित

दरवाजे नहीं होने से कार्यालय में रखी फाइलें, अभिलेख और अन्य सरकारी सामान धूल, नमी और चोरी के खतरे में हैं. किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और रजिस्टर भी खुले कमरों में रखे जा रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी कम अवधि में दरवाजों का खराब हो जाना निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की ओर इशारा करता है.

ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण पूरा होने के बाद विभाग ने गुणवत्ता की पर्याप्त जांच किए बिना इसे स्वीकार कर लिया, जिसका खामियाजा अब उठाना पड़ रहा है.

वरीय अधिकारियों को भेजी गई सूचना

प्रखंड कृषि पदाधिकारी पिटु कुमार ने बताया कि भवन के दरवाजे खराब होने की सूचना वरीय अधिकारियों को भेज दी गई है. नए दरवाजे उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया है, लेकिन अभी तक विभाग की ओर से नए दरवाजे उपलब्ध नहीं कराए गए हैं.

उन्होंने कहा कि कृषि भवन में प्रतिदिन किसान विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ लेने के लिए आते हैं. ऐसे में भवन की वर्तमान स्थिति चिंता का विषय है. ग्रामीणों ने भवन में जल्द नए और गुणवत्तापूर्ण दरवाजे लगाने तथा सरकारी संपत्ति और अभिलेखों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.


विज्ञापन
अजीत ठाकुर

लेखक के बारे में

By अजीत ठाकुर

अजीत ठाकुर प्रिंट माध्यम में 28 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुरसेला (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन