बाढ़ पीड़ितों के खाने में मिली कमी तो भड़के आपदा मंत्री, अधिकारियों को लगाई फटकार
आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने कटिहार के बाढ़ प्रभावित मनिहारी क्षेत्र का दौरा किया. सामुदायिक किचन में बाढ़ पीड़ितों के खराब खाने की गुणवत्ता पर मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाई और पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कटिहार : राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने बुधवार को कटिहार जिले के बाढ़ प्रभावित मनिहारी विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने मनिहारी प्रखंड के आजमपुर गोला, नया टोला समेत विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं.
इस दौरान मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के लिए संचालित सामुदायिक किचन का भी निरीक्षण किया. यहां भोजन की गुणवत्ता को लेकर उन्हें शिकायत मिली. निरीक्षण के दौरान दाल-चावल की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर मंत्री ने नाराजगी जतायी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगायी.


खराब भोजन पर जतायी नाराजगी
मंत्री रत्नेश सादा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
मंत्री ने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है. किसी भी पीड़ित को परेशानी नहीं होने दी जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को सभी बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत सामग्री समय पर पहुंचाने और मेडिकल टीम को सक्रिय रखने का निर्देश दिया.
बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच बांटी पॉलिथीन शीट
निरीक्षण के बाद मंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पॉलिथीन शीट का वितरण किया. इससे लोगों को बारिश और धूप से बचाव में मदद मिलेगी. पॉलिथीन शीट मिलने पर बाढ़ पीड़ित परिवारों ने राहत महसूस की.
मंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरतमंद लोगों तक समय पर हर संभव सहायता पहुंचाने को कहा.
इस मौके पर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, एसडीएम, बीडीओ, सीओ समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए