कटिहार में नहीं बन रहा मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, जाना होगा पूर्णिया

Published by :RAJKISHOR K
Published at :15 Apr 2026 7:03 PM (IST)
विज्ञापन
कटिहार में नहीं बन रहा मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, जाना होगा पूर्णिया

कटिहार में नहीं बन रहा मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, जाना होगा पूर्णिया

विज्ञापन

अमरनाथ यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे कटिहार के श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ी कटिहार पवित्र अमरनाथ यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे कटिहार जिले के श्रद्धालुओं की परेशानी इस वर्ष काफी बढ़ गई है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मेडिकल फिटनेस केंद्रों की सूची में इस बार कटिहार जिला को शामिल नहीं किया गया है. यहां के श्रद्धालुओं को अपना मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने के लिए पूर्णिया का रुख करना पड़ रहा है. अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट अनिवार्य होता है लेकिन कटिहार जिला को इस प्रक्रिया से बाहर रखे जाने के कारण स्थानीय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है जबकि, पिछले कई वर्षों से कटिहार में मेडिकल बोर्ड द्वारा यह सुविधा उपलब्ध कराई जाती रही है. इस वर्ष अचानक इसे बंद कर दिया गया है. स्वास्थ्य विभाग की सूची में पटना, भागलपुर, बक्सर, मधुबनी, सुपौल, किशनगंज, समस्तीपुर, सीतामढ़ी सहित कई जिलों को मेडिकल फिटनेस की सुविधा दी गई है. लेकिन कटिहार को इससे वंचित रखा गया है. बुधवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए मेडिकल फिटनेस बनवाने के उद्देश्य से सदर अस्पताल पहुंचे. लेकिन वहां उन्हें निराशा हाथ लगी. कई श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्हें बार-बार अस्पताल का चक्कर लगाना पड़ रहा है. बावजूद इसके कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं की गई है. ऐसे में उन्हें मजबूरी में दूसरे जिले, विशेषकर पूर्णिया जाकर मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाना पड़ेगा. श्रद्धालुओं का कहना है कि इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है. साथ ही बुजुर्ग और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है. सिविल सर्जन ने जमा कराया आवेदन, कहा यही फिटनेस बनाने को लेकर की जायेगी बात अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालु बुधवार को सदर अस्पताल पहुंचकर सिविल सर्जन से अपने पीड़ा को बयां किया. इस मामले में सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र सिंह ने संज्ञान लेते हुए तुरंत ही सभी श्रद्धालुओं का आवेदन जमा कराया और सभी को अस्वस्त किया कि आप सभी का मेडिकल फिटनेस को लेकर सारी जांच की प्रक्रिया यहीं पर पूरी की जायेगी. सिविल सर्जन ने कहा कि इसको लेकर विभागीय स्तर से बात कर कटिहार जिला के श्रद्धालु के लिए कटिहार जिला में ही जांच व फिटनेस सर्टिफिकेट बनाया जायेगा. इसको लेकर बुधवार के दिन 25 से ऊपर अमरनाथ यात्रा के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं ने अपना मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने को लेकर आवेदन जमा किया. इस आश्वासन के बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन